Madurai Accident: तमिलनाडु के मदुरै जिले के मेलूर इलाके में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक कार का संतुलन बिगड़ने के बाद वह डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही कार से सीधी टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन साल की बच्ची सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।यह हादसा थुम्बाइपट्टी फोर-लेन रोड ओवरब्रिज पर हुआ। पुलिस के अनुसार, चेन्नई से तिरुनेलवेली जा रही एक कार में पांच लोग सवार थे और वे नेशनल हाईवे से यात्रा कर रहे थे।
दोपहिया वाहन से टकराने के बाद बिगड़ा संतुलन
जांच में सामने आया कि फ्लाईओवर पर चलते समय कार पहले आगे जा रहे एक दोपहिया वाहन से टकरा गई। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। कार डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चली गई और उसी दौरान मदुरै से तिरुचि जा रही दूसरी कार से आमने-सामने भिड़ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बचाव दल के पहुंचने से पहले ही सभी की जान जा चुकी थी।
चार मृतकों की हुई पहचान
पुलिस ने बताया कि मृतकों में चेन्नई के मदिपक्कम निवासी श्रीमान, राजकुमारी, रंजा और तीन वर्षीय प्राणिका शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ये सभी एक ही परिवार के सदस्य थे। उनके साथ यात्रा कर रहे पांचवें व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।हादसे की सूचना मिलते ही फायर एंड रेस्क्यू सर्विस, मेलूर पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने क्षतिग्रस्त वाहनों से दो गंभीर घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए मेलूर सरकारी अस्पताल भेजा। पुलिस के अनुसार, एक घायल चेन्नई से आ रही कार में सवार था, जबकि दूसरा दूसरी कार में यात्रा कर रहा था।
पोस्टमार्टम और जांच जारी
पुलिस ने पांचों शवों को वाहन से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। वहीं, मेलूर पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।हादसे के बाद चार-लेन हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और राहत-बचाव कार्य के कारण कुछ समय तक सड़क पर आवाजाही रुकी रही। बाद में पुलिस ने ट्रैफिक को नियंत्रित किया, क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात को सामान्य कराया।








