Maharashtra Online TET: महाराष्ट्र में TET (टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट) पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई। इसके बाद स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने बड़ा फैसला लेते हुए घोषणा की कि अगले साल से TET परीक्षा ऑनलाइन (कंप्यूटर आधारित) मोड में आयोजित की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षा को ऑनलाइन माध्यम से कराने की प्रक्रिया तय करने के लिए राज्य के मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है।
Maharashtra Online TET: TET परीक्षा के लिए समिति का गठन क्यों किया गया-
स्कूल शिक्षा विभाग के जनसंपर्क अधिकारी ब्रजकुमार जनवार ने कहा, “इस समिति का गठन अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) कोई सामान्य परीक्षा नहीं है। इसी परीक्षा के माध्यम से अभ्यर्थियों को सरकारी स्कूलों में शिक्षक बनने का अवसर मिलता है। लेकिन TET पेपर लीक की वजह से बड़ी संख्या में परीक्षार्थी प्रभावित हुए हैं। समिति यह अध्ययन करेगी कि TET परीक्षा को ऑनलाइन माध्यम से किस प्रकार सुरक्षित और प्रभावी ढंग से आयोजित किया जा सकता है।”
Maharashtra Online TET: TET पेपर लीक की जांच के लिए बनाई गई SIT-
स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने बताया कि TET पेपर लीक मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। साथ ही जांच के सिलसिले में तीन टीमें दिल्ली, बिहार और हरियाणा भेजी गई हैं।
विपक्ष का सरकार पर हमला-
महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले को लेकर विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि वर्ष 2018 के TET पेपर लीक मामले में अभिषेक सावरिकर का नाम सामने आया था, लेकिन बाद में उन्हें पार्टी में सम्मानजनक स्थान दिया गया। उन्होंने कहा कि मौजूदा पेपर लीक से 6 लाख से अधिक शिक्षक प्रभावित हुए हैं और इस घटना से महाराष्ट्र की साख पर भी गंभीर असर पड़ा है।
दोषियों पर MCOCA के तहत होगी सख्त कार्रवाई-
महाराष्ट्र के स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने स्पष्ट किया कि TET पेपर लीक मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ MCOCA (महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए सख्त सजा सुनिश्चित की जाएगी।
पहले भी सामने आ चुका है TET पेपर लीक मामला-
इस बार महाराष्ट्र TET परीक्षा में करीब 4 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद थी, लेकिन परीक्षा से महज़ 24 घंटे पहले पेपर लीक होने के कारण परीक्षा रद्द करनी पड़ी। इससे पहले वर्ष 2025 में भी कोल्हापुर से TET पेपर लीक का मामला सामने आया था, जिसके बाद परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे थे।
यह भी पढ़े- Did You Know? भारत का पहला पेट्रोल पंप कब और कहां खुला था, जानिए पूरा इतिहास








