Home » महाराष्ट्र » ‘जिस दिन हमारी सत्ता आएगी, बीजेपी को टुकड़े-टुकड़े कर देंगे’, ऑपरेशन टाइगर पर संजय राउत का बड़ा हमला

‘जिस दिन हमारी सत्ता आएगी, बीजेपी को टुकड़े-टुकड़े कर देंगे’, ऑपरेशन टाइगर पर संजय राउत का बड़ा हमला

Maharashtra News: महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चित ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय रावत ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस दिन उनकी सत्ता आएगी, उस दिन बीजेपी का अस्तित्व नहीं बचेगा। संजय राउत ने कहा, “जिस दिन हमारी सत्ता आएगी, उस दिन बीजेपी नहीं बचेगी। हम उसे टुकड़े-टुकड़े कर देंगे और उनके नेताओं का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा।”

मातोश्री में सांसदों की बैठक आज

राउत ने बताया कि पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने रविवार को सांसदों की बैठक बुलाई है। उन्होंने कहा कि यह पार्टी की नियमित संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा है और सभी सांसद इसमें शामिल होंगे। जो सांसद किसी कारणवश उपस्थित नहीं हो पाएंगे, उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक से जोड़ा जाएगा।

Maharashtra News: दो साल से हो रही ‘ऑपरेशन टाइगर’ की चर्चा

संजय राउत ने कहा कि पिछले दो वर्षों से ‘ऑपरेशन टाइगर’ की चर्चा लगातार हो रही है, लेकिन अब तक ऐसा कोई ऑपरेशन सफल नहीं हुआ है। उन्होंने दावा किया कि इन चर्चाओं का उद्देश्य केवल भ्रम फैलाना है। दरअसल, महाराष्ट्र की राजनीति में लंबे समय से ऐसी अटकलें लगाई जाती रही हैं कि शिवसेना (यूबीटी) के कुछ सांसद और नेता उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो सकते हैं।

पाला बदलने की अटकलों से बढ़ी हलचल

सूत्रों के मुताबिक, उद्धव ठाकरे ने सांसदों की यह बैठक ऐसे समय बुलाई है जब पार्टी के कुछ सांसदों के पाला बदलने की अटकलें तेज हैं। इसी वजह से राजनीतिक गलियारों में इस बैठक को अहम माना जा रहा है। हालांकि, इस सप्ताह दिल्ली दौरे के दौरान एकनाथ शिंदे ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा था कि चुनाव समाप्त हो चुके हैं और अब किसी भी तरह के संख्या बल के खेल की जरूरत नहीं है।

Maharashtra News: महाराष्ट्र में फिर गरमाया सियासी माहौल

महाराष्ट्र में शिवसेना के दो धड़ों के बीच जारी राजनीतिक संघर्ष के बीच ‘ऑपरेशन टाइगर’ की चर्चाओं ने एक बार फिर सियासी तापमान बढ़ा दिया है। अब सभी की नजर मातोश्री में होने वाली बैठक और उसके बाद पार्टी नेतृत्व की रणनीति पर टिकी हुई है।

ये भी पढ़े… ‘उन्हें गले नहीं लगा सकता’, राहुल गांधी के बयान से बढ़ीं इंडी गठबंधन की मुश्किलें, पिनराई विजयन पर मचा सियासी बवाल