Home » नई दिल्ली » NEET UG परीक्षा से पहले बड़ा विवाद, टेलीग्राम ने दिल्ली हाई कोर्ट का किया रुख

NEET UG परीक्षा से पहले बड़ा विवाद, टेलीग्राम ने दिल्ली हाई कोर्ट का किया रुख

NEET UG News : नीट-यूजी की 21 जून को दोबारा होने वाली परीक्षा से पहले अपने प्लेटफाॅर्म पर अस्थायी रोक लगाने के केंद्र सरकार के निर्णय के विरुद्ध टेलीग्राम ने दिल्ली हाई कोर्ट का रुख़ किया है। हाई कोर्ट इस मामले पर बुधवार को ही तत्काल सुनवाई करेगा। इस मामले का उल्लेख टेलीग्राम की तरफ से न्यायमूर्ति तेजस करिया की पीठ के समक्ष किया गया था। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने कहा कि नीट परीक्षा से जुड़े फ्रॉड और पेपर लीक के गलत प्रचार को रोकने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा टेलीग्राम पर कुछ समय के लिए प्रतिबंध लगाना पड़ा।

अभिषेक सिंह ने एक विशेष साक्षात्कार में बताया था, ‘हमें यह बड़ा कदम उठाना पड़ा क्योंकि स्कैम करने वाले और धोखेबाज लगातार टेलीग्राम प्लेटफॉर्म का गलत इस्तेमाल कर रहे थे। वे नकली प्रश्न पत्रों को भावी नीट परीक्षा के असली प्रश्न पत्र बताकर वायरल कर रहे थे और छात्रों की बेचैनी का फायदा उठाकर उनसे पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहे थे।’

NEET UG News

इसके चलते एनटीए ने टेलीग्राम के अधिकारियों के साथ बैठक कर चैनल्स को ब्लॉक करवाने का अनुरोध किया है। वहीं, इस बीच टेलीग्राम एप के फाउंडर और सीईओ पावेल डुरोव ने एक्स पर लिखा, ‘भारत के आईटी मंत्रालय ने एक सप्ताह के लिए टेलीग्राम पर बैन लगा दिया क्योंकि कुछ यूजर्स ने परीक्षा के लीक हुए सवाल शेयर किए थे। इससे भारत में टेलीग्राम के 15 करोड़ से ज्यादा आम यूजर्स को सजा मिल रही है न कि उन लोगों को जिन्होंने परीक्षा का मैटीरियल लीक किया था।

NTA ने किया रद्द

इस बैन से कुछ भी नहीं रुका। लीक्स दूसरे एप्स पर चली गईं। पावेल ने इस फैसले की आलोचना की है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 3 मई को हुई नीट की परीक्षा के पेपर लीक होने के बाद परीक्षा को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने रद कर दिया था। पेपर लीक मामले में अब तक 13 आरोपितों को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है और सभी न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में बंद हैं।

Read More : International Yoga Day 2026: योग से मिलेगी मानसिक शांति, ओवरथिंकिंग को कम करने में असरदार उपाय!

Written By : Anushka