Home » राष्ट्रीय » 26/11 का सबसे बड़ा रहस्य: कौन था ‘मेजर जनरल साहब’? कसाब ने बताया था आतंकी बनाने वाला शख्स

26/11 का सबसे बड़ा रहस्य: कौन था ‘मेजर जनरल साहब’? कसाब ने बताया था आतंकी बनाने वाला शख्स

Major General Sahab 26/11:

Major General Sahab 26/11: मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमलों को 18 साल पूरे हो चुके हैं। इस हमले में 166 लोगों की जान गई थी और सैकड़ों लोग घायल हुए थे। हमले के पीछे पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा की साजिश और पाकिस्तानी सेना व ISI की भूमिका सामने आ चुकी है। हालांकि, इस पूरे षड्यंत्र से जुड़ा एक रहस्यमयी शख्स आज भी जांच और अदालती दस्तावेजों में चर्चा का विषय बना हुआ है। इसे ‘मेजर जनरल साहब’ के नाम से जाना जाता है।

Major General Sahab 26/11: चार्जशीट में ‘आरोपी नंबर 20’ के नाम से दर्ज है पहचान

26/11 आतंकी हमले से जुड़े मामलों की चार्जशीट में इस व्यक्ति का उल्लेख ‘आरोपी नंबर 20: मेजर जनरल साहब, नाम अज्ञात’ के रूप में किया गया है। 2009 की चार्जशीट में शामिल 32 पाकिस्तानियों में यह एकमात्र ऐसा आरोपी बताया गया है, जिसकी पहचान अब तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई है। इस व्यक्ति का न तो कोई नाम पता है, न तस्वीर और न ही कोई स्केच उपलब्ध है। उसकी भूमिका के बारे में मुख्य जानकारी मुंबई हमले में जिंदा पकड़े गए एकमात्र आतंकी अजमल कसाब के बयान से मिलती है।

Major General Sahab 26/11: कसाब ने पूछताछ में बताई थी ‘मेजर जनरल साहब’ की भूमिका

मुंबई पुलिस की पूछताछ के दौरान अजमल कसाब ने बताया था कि पाकिस्तान में आतंकियों को अलग-अलग चरणों में ट्रेनिंग दी गई थी। इसी दौरान उसने ‘मेजर जनरल साहब’ नाम के एक रहस्यमयी व्यक्ति का जिक्र किया था। कसाब के बयान के मुताबिक, यह शख्स मुजफ्फराबाद स्थित लश्कर-ए-तैयबा के ट्रेनिंग कैंप में आया करता था। उसने मुंबई हमले को अंजाम देने वाले 10 आतंकियों की ट्रेनिंग में भूमिका निभाई थी। कसाब ने अपने बयान में बताया था कि इस व्यक्ति ने आतंकियों को कट्टरपंथी बनाने में भी अहम भूमिका निभाई थी।

पाकिस्तान सेना के कई अधिकारियों के नाम आए सामने

कसाब और मुंबई हमले के आरोपी डेविड हेडली के बयानों के आधार पर तैयार जांच दस्तावेजों में पाकिस्तान सेना और खुफिया तंत्र से जुड़े कई लोगों का जिक्र किया गया है। इनमें मेजर जनरल मुहम्मद खालिद राव, स्पेशल कम्युनिकेशंस ऑर्गनाइजेशन (SCO) के कर्नल सादातउल्लाह, मेजर इकबाल और उनके वरिष्ठ अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल हमजा के नाम शामिल हैं। हालांकि, इन अधिकारियों के नाम सामने आने के बावजूद ‘मेजर जनरल साहब’ की वास्तविक पहचान अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

18 साल बाद भी अनसुलझा है यह सवाल

26/11 हमले की साजिश से जुड़े कई पहलुओं की जांच हुई और कई आरोपियों की पहचान भी सामने आई। लेकिन ‘मेजर जनरल साहब’ कौन था, उसका असली नाम क्या था और पाकिस्तान में आतंकी ट्रेनिंग के दौरान उसकी वास्तविक भूमिका कितनी थी, ये सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। अजमल कसाब के बयान और जांच दस्तावेजों में दर्ज इस रहस्यमयी व्यक्ति का जिक्र 26/11 हमले की साजिश से जुड़े उन पहलुओं में शामिल है, जिनकी पूरी तस्वीर आज भी सार्वजनिक नहीं हो पाई है।

यह भी पढ़े- NDA में शामिल होगी शरद पवार की NCP? सुप्रिया सुले के बयान से बढ़ीं सियासी अटकलें