Pda Certificate: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपना चुनावी बिगुल फूंक दिया है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संविधान दिवस के मौके पर ‘जन-मन घोषणापत्र’ जारी किया है। इसे ‘27 का संकल्प: PDA का प्रणपत्र’ नाम दिया गया है। इस घोषणापत्र में सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा, रोजगार, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी गई है। खास बात यह है कि सपा ने इस बार चुनाव से काफी पहले अपना घोषणापत्र जारी किया है, ताकि पार्टी अपने वादों को जनता तक पहुंचा सके।
PDA के जरिए सामाजिक न्याय पर बड़ा दांव
समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र का मुख्य आधार PDA यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग हैं। अखिलेश यादव ने जातिगत जनगणना कराने का वादा किया है, ताकि अलग-अलग जातियों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति के आधार पर योजनाएं बनाई जा सकें। इसके अलावा दलितों के कल्याण के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास परिषद बनाने का प्रस्ताव है। 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलितों और PDA वर्ग के लिए 50 फीसदी आरक्षण देने की बात भी कही गई है। गरीबों के लिए पांच रुपये में भोजन उपलब्ध कराने वाली समाजवादी कैंटीन खोलने का प्रस्ताव है।
Pda Certificate: युवाओं के लिए नौकरी और हर महीने 5 हजार रुपये
रोजगार को लेकर सपा ने कई बड़े वादे किए हैं। पार्टी ने पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा दो से तीन करोड़ युवाओं को दूसरे क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने की बात कही गई है। ग्रेजुएट युवाओं को नौकरी या रोजगार मिलने तक हर महीने पांच हजार रुपये पोषण भत्ता देने का वादा किया गया है। सरकारी भर्तियों के लिए वार्षिक कैलेंडर बनाने और परीक्षा प्रक्रिया को समयबद्ध करने की बात भी घोषणापत्र में शामिल है।
महिलाओं और बुजुर्गों के लिए आर्थिक सहायता
महिलाओं और बुजुर्गों को आर्थिक सहायता देने का वादा भी PDA प्रणपत्र का अहम हिस्सा है। अखिलेश यादव ने बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने की बात कही है। इसके साथ ही कारीगरों को भी सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का प्रस्ताव है। पार्टी ने महिलाओं के मुद्दों के लिए अलग से एक घोषणापत्र जारी करने का भी ऐलान किया है। इसमें महिलाओं की सुरक्षा, आर्थिक स्थिति और सशक्तीकरण से जुड़े मुद्दों को शामिल किया जाएगा।
Pda Certificate: शिक्षा, कर्मचारी और पुरानी पेंशन पर फोकस
सपा ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार का वादा किया है। बंद किए गए प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा शुरू करने, शिक्षामित्रों और शिक्षकों को सम्मानजनक वेतन तथा स्थायी नौकरी देने की बात कही गई है। परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और समय पर परीक्षाएं कराने का संकल्प भी शामिल है। आशा, आंगनवाड़ी, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए सम्मानजनक वेतन और सामाजिक सुरक्षा के साथ पुरानी पेंशन योजना लागू करने का वादा किया गया है।
किसान, मजदूर और कानून व्यवस्था के लिए क्या है प्लान?
घोषणापत्र में किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य और समय पर भुगतान दिलाने की बात कही गई है। मजदूरों को मेहनत के मुताबिक उचित पारिश्रमिक देने का वादा है। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत गरीबों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण मुफ्त इलाज तथा एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही गई है। कानून व्यवस्था के लिए पुलिस में AI तकनीक, बॉडी कैमरा, CCTV नेटवर्क और फॉरेंसिक लैब जैसी सुविधाएं बढ़ाने का प्रस्ताव है। महिला सुरक्षा के लिए 1090 और डायल 112 को मजबूत करने की बात भी शामिल है।
Pda Certificate: संविधान दिवस पर घोषणापत्र जारी करने के पीछे क्या रणनीति?
सपा ने संविधान दिवस के दिन घोषणापत्र जारी करके संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण को अपने चुनावी एजेंडे के केंद्र में रखा है। अखिलेश यादव ने कहा कि संविधान शोषित, वंचित और गरीब लोगों के अधिकारों की रक्षा करता है। पार्टी अब प्रदेश के अलग-अलग शहरों और जिलों की जरूरतों के हिसाब से अलग घोषणापत्र तैयार करने की भी योजना बना रही है। महिलाओं के लिए अलग दस्तावेज भी जारी किया जाएगा। इस तरह सपा की रणनीति PDA के सामाजिक आधार के साथ युवा, महिला, किसान और कर्मचारी वर्ग को भी अपने चुनावी एजेंडे से जोड़ने की है।
ये भी पढ़ें…NDA में शामिल होगी शरद पवार की NCP? सुप्रिया सुले के बयान से बढ़ीं सियासी अटकलें








