Home » राजनीति » NDA में शामिल होगी शरद पवार की NCP? सुप्रिया सुले के बयान से बढ़ीं सियासी अटकलें

NDA में शामिल होगी शरद पवार की NCP? सुप्रिया सुले के बयान से बढ़ीं सियासी अटकलें

Sharad Pawar NCP NDA Alliance:

Sharad Pawar NCP NDA Alliance: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है। शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) के NDA में शामिल होने की अटकलों के बीच सांसद सुप्रिया सुले के एक बयान ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। परिसीमन विधेयक को लेकर सुले ने कहा कि किसी भी तरह की राय बनाने से पहले सांसदों को विधेयक का पूरा मसौदा मिलना चाहिए। उनके इस बयान को लेकर अब पार्टी के NDA के प्रति रुख पर सवाल उठने लगे हैं।

Sharad Pawar NCP NDA Alliance: परिसीमन बिल पर सुप्रिया सुले ने क्या कहा?

सुप्रिया सुले ने परिसीमन विधेयक पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पहले विधेयक को संसद में पेश किया जाना चाहिए और सभी सांसदों को उसका पूरा ड्राफ्ट मिलना चाहिए। इसके बाद ही इस पर चर्चा और फैसला किया जा सकता है। उन्होंने कहा, ‘पहले विधेयक को पेश होने दीजिए; हमारे पास पूरा ड्राफ्ट आने दीजिए। एक बार जब यह हमारे पास आ जाएगा, तो हम इस पर चर्चा कर सकते हैं। हो सकता है कि यह एक अच्छा बिल साबित हो।’ सुले ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय हितों से जुड़े कई मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष ने पहले भी एक-दूसरे का सहयोग किया है। इससे पहले उन्होंने संकेत दिया था कि यदि हर राज्य की संसदीय सीटों में समान रूप से 50 फीसदी की बढ़ोतरी की जाती है, तो उनकी पार्टी परिसीमन का समर्थन कर सकती है।

Sharad Pawar NCP NDA Alliance: क्या है परिसीमन विधेयक?

परिसीमन का मतलब जनसंख्या के आधार पर लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं तथा सीटों का पुनर्निर्धारण करना है। इस विधेयक का उद्देश्य लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 तक करना है। इसके साथ ही लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने का लक्ष्य भी रखा गया है। संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 को 16 अप्रैल को लोकसभा में पेश किया गया था। केंद्र सरकार का तर्क है कि जनगणना के नए आंकड़ों को शामिल करने और महिला आरक्षण लागू करने के लिए परिसीमन जरूरी है। हालांकि, कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्ष ने मांग की थी कि महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़े बिना मौजूदा 543 सदस्यीय लोकसभा में ही लागू किया जाए। जरूरी संवैधानिक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण यह विधेयक पारित नहीं हो सका।

NCP-SP के NDA में शामिल होने की क्यों हो रही चर्चा?

सुप्रिया सुले का बयान ऐसे समय आया है, जब शरद पवार की पार्टी के NDA में शामिल होने की संभावनाओं को लेकर राजनीतिक चर्चाएं चल रही हैं। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने हाल ही में दावा किया था कि 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शरद पवार से कई बार संपर्क किया था। अठावले के मुताबिक, उस दौरान पवार को कॉमन मिनिमम प्रोग्राम के तहत NDA में शामिल होने का प्रस्ताव दिया गया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि शरद पवार को राष्ट्रपति पद की पेशकश किए जाने की संभावना थी। हालांकि, इन दावों को लेकर NCP-SP की ओर से NDA में शामिल होने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

संजय राउत ने NDA में शामिल होने की संभावना को किया खारिज

शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने शरद पवार के NDA में शामिल होने की संभावना को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर उनकी शरद पवार के साथ कई बार चर्चा हो चुकी है। राउत के अनुसार, शरद पवार ने अपना राजनीतिक जीवन नरेंद्र मोदी और अमित शाह जैसे नेताओं का विरोध करते हुए बिताया है। साथ ही उन्होंने महात्मा ज्योतिबा फुले, छत्रपति शाहू महाराज और डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को आगे बढ़ाया है। फिलहाल, सुप्रिया सुले के बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में नई अटकलें जरूर शुरू हो गई हैं, लेकिन NCP-SP के NDA में शामिल होने को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

यह भी पढ़े- सौरव दास ने पासपोर्ट डिटेल लीक करने का लगाया आरोप, BJP से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स पर साधा निशाना