Home » उत्तर प्रदेश » फर्जी पहचान, व्हाट्सएप पर लड़कियों की तस्वीरें और एडवांस पेमेंट… मोहम्मद यूनुस ने हिंदू नाम रख स्पा सर्विस की आड़ में की ठगी, योगी की पुलिस ने दबोचा

फर्जी पहचान, व्हाट्सएप पर लड़कियों की तस्वीरें और एडवांस पेमेंट… मोहम्मद यूनुस ने हिंदू नाम रख स्पा सर्विस की आड़ में की ठगी, योगी की पुलिस ने दबोचा

मोहम्मद यूनुस ने हिंदू नाम रख स्पा सर्विस की आड़ में की ठगी

Meerut News: मेरठ पुलिस की साइबर सेल ने मसाज सर्विस और कथित एस्कॉर्ट सर्विस उपलब्ध कराने के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के कई अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क उत्तर प्रदेश सहित हरियाणा, कर्नाटक और महाराष्ट्र के कई शहरों में लोगों को अपना शिकार बना चुका है।

सोशल मीडिया के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क

पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करते थे। आकर्षक तस्वीरें भेजकर होम मसाज या अन्य सेवाएं उपलब्ध कराने का दावा किया जाता था। एडवांस भुगतान लेने के बाद न तो कोई सेवा दी जाती थी और न ही पैसे वापस किए जाते थे। इसके बाद पीड़ितों के नंबर ब्लॉक कर दिए जाते थे। एसपी क्राइम अवनीश कुमार और साइबर सेल प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि राष्ट्रीय लापता एवं शोषित बाल केंद्र (NCMEC) पोर्टल पर पल्लवपुरम निवासी एक युवक की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि घर पर मसाज सर्विस उपलब्ध कराने के नाम पर उससे 16 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई। शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने बैंक खाते और मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि शास्त्रीनगर सेक्टर-7 स्थित एक कार्यालय से इस पूरे नेटवर्क का संचालन किया जा रहा था।

Meerut News: छापेमारी में दो लोग गिरफ्तार

इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद यूनुस व्हाट्सएप पर खुद को अभिराज बताकर ग्राहकों से संपर्क करता था। जांच में यह भी सामने आया कि उसने कथित तौर पर इसी नाम से पहचान संबंधी दस्तावेज भी तैयार करा रखे थे। उसके साथ गिरफ्तार महिला सहयोगी लोहियानगर निवासी लिजा भी इस नेटवर्क के संचालन में शामिल बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ग्राहकों को व्हाट्सएप पर महिलाओं की तस्वीरें भेजते थे और एडवांस भुगतान के लिए क्यूआर कोड या बैंक खाते की जानकारी साझा करते थे। भुगतान प्राप्त होने के बाद ग्राहक से संपर्क समाप्त कर दिया जाता था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने महक स्टूडियो और एरोमा स्पा सेंटर के नाम से फर्म बना रखी थी। कार्यालय में ग्राहकों से बातचीत करने के लिए एक महिला कर्मचारी को भी रखा गया था।

पुलिस के अनुसार, गिरोह इंटरनेट और ऑनलाइन बिजनेस डायरेक्टरी से मोबाइल नंबर जुटाकर संभावित ग्राहकों से संपर्क करता था। जांच में यह भी पता चला कि जिन बैंक खातों में पैसे मंगाए जाते थे, उनसे रकम निकालने के बाद खातों का उपयोग बंद कर दिया जाता था, जिससे पुलिस तक पहुंचना मुश्किल हो सके। पूछताछ के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि गिरोह के कुछ सदस्य नोएडा सेक्टर-62 से यूनिवर्सल टूर एंड ट्रैवल नाम से कंपनी संचालित कर रहे थे। आरोप है कि उमरा, हज और अन्य धार्मिक यात्राओं की बुकिंग के नाम पर लोगों से एडवांस राशि ली जाती थी, लेकिन बाद में कोई सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाती थी। इस मामले में पुलिस ने महेश, आकाश, हर्ष, शुभम, सीमा समेत कई अन्य लोगों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

लैपटॉप से मिले सैकड़ों फोटो और रिकॉर्ड

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, आठ मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड, पांच मोहर, सात आधार कार्ड, 11 चेकबुक, एक कार और विभिन्न कंपनियों के लेटरहेड बरामद किए हैं। इसके अलावा करीब 4.16 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार लैपटॉप में करीब 260 महिलाओं की तस्वीरें और कथित ग्राहकों का डेटा मिला है। इन डिजिटल रिकॉर्ड की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पीड़ितों की पहचान की जा सके। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह के खिलाफ उत्तर प्रदेश के आगरा, सोनभद्र, हापुड़, मेरठ के इंचौली और पल्लवपुरम सहित हरियाणा, कर्नाटक और महाराष्ट्र से भी ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हुई हैं। जांच एजेंसियां इन सभी मामलों का आपस में मिलान कर रही हैं और संबंधित राज्यों की पुलिस से भी संपर्क किया गया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पिछले दो वर्षों में गिरोह ने बड़ी संख्या में लोगों को अपना शिकार बनाया। हालांकि, प्रभावित लोगों की वास्तविक संख्या का सत्यापन जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

ये भी पढ़े… हापुड़ में माँ ने बेटी अफसर के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा, जानें क्या है मामला?