Breaking News
Home » राष्ट्रीय » पीएम मोदी आज यूएई दौरे पर होंगे रवाना, ऊर्जा सुरक्षा से लेकर बड़े रणनीतिक समझौतों पर रहेगी दुनिया की नजर

पीएम मोदी आज यूएई दौरे पर होंगे रवाना, ऊर्जा सुरक्षा से लेकर बड़े रणनीतिक समझौतों पर रहेगी दुनिया की नजर

Modi UAE Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात यानी संयुक्त अरब अमीरात की आधिकारिक यात्रा पर रवाना होंगे। इस दौरे का उद्देश्य भारत और यूएई के बीच रणनीतिक साझेदारी को और ज्यादा मजबूत बनाना है। दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, ऊर्जा और आपसी सहयोग को बढ़ाने पर खास जोर रहेगा।

यूएई राष्ट्रपति से होगी अहम मुलाकात

अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी, यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में दोनों नेता भारत और यूएई के रिश्तों को और बेहतर बनाने पर चर्चा करेंगे। साथ ही ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने और नई साझेदारियों पर भी बातचीत होगी।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारत और यूएई के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी मजबूत राजनीतिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और लोगों के आपसी संबंधों पर आधारित है। यह दौरा व्यापार और निवेश से जुड़े रिश्तों को और आगे बढ़ाने में मददगार माना जा रहा है।

Modi UAE Visit

Modi UAE Visit: ऊर्जा सुरक्षा पर रहेगा खास फोकस

सरकारी सूत्रों के अनुसार, इस यात्रा में ऊर्जा सुरक्षा सबसे अहम मुद्दों में शामिल रहेगी। एलपीजी और रणनीतिक पेट्रोलियम भंडारण से जुड़े दो बड़े समझौतों (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि यूएई भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। इसके अलावा यूएई में 45 लाख से ज्यादा भारतीय रहते हैं। ऐसे में वहां रहने वाले भारतीयों की सुविधाओं और हितों को लेकर भी चर्चा की जाएगी।

छह दिनों के विदेश दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी

विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी छह दिनों के विदेश दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे यूएई के अलावा नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली का भी दौरा करेंगे।

यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी नीदरलैंड जाएंगे। साल 2017 के बाद यह उनकी दूसरी नीदरलैंड यात्रा होगी। वहां वे नीदरलैंड के राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से मुलाकात। इसके अलावा उनके प्रधानमंत्री रॉब जेटन से भी बातचीत होगी।

स्वीडन में उद्योग जगत के कार्यक्रम में शामिल होंगे

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी स्वीडन के गोटेबोर्ग शहर पहुंचेंगे। यहां वे स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों देश व्यापार और सहयोग बढ़ाने के नए अवसरों पर चर्चा करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी और स्वीडन के प्रधानमंत्री यूरोपियन उद्योग जगत के बड़े मंच ‘यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री’ को भी संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन भी मौजूद रहेंगी।

नॉर्वे में भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा

दौरे के चौथे चरण में प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को नॉर्वे पहुंचेंगे। वहां वे तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके अलावा कई अहम द्विपक्षीय बैठकों में भी भाग लेंगे।

अपने विदेश दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को इटली जाएंगे। वहां वे राष्ट्रपति Sergio Mattarella से मुलाकात करेंगे। साथ ही इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ भी बातचीत करेंगे।

ये भी पढ़ें…तेल कंपनियों ने बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम, प्रति लीटर ₹3 महंगा हुआ ईंधन, जानिए नए रेट