Mosquito Terminator Train: दिल्ली में मानसून के बाद डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इससे निपटने के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) और उत्तर रेलवे ने मिलकर खास अभियान शुरू किया है। इसके तहत रेलवे ट्रैक के आसपास मच्छरों के पनपने की जगहों को खत्म करने के लिए ‘मॉस्किटो टर्मिनेटर ट्रेन-2026’ को मैदान में उतारा गया है।
Mosquito Terminator Train: नई दिल्ली स्टेशन से हुई अभियान की शुरुआत-
अभियान की शुरुआत नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से हुई। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने हरी झंडी दिखाकर मॉस्किटो टर्मिनेटर ट्रेन को रवाना किया। इस दौरान MCD और उत्तर रेलवे के कई अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों के मुताबिक, साफ-सुथरा वातावरण स्वस्थ दिल्ली की नींव है। इसी उद्देश्य से दोनों विभागों ने मिलकर यह अभियान शुरू किया है।
Mosquito Terminator Train: कैसे काम करेगी मॉस्किटो टर्मिनेटर ट्रेन-
रेलवे ट्रैक के आसपास अक्सर बारिश का पानी जमा हो जाता है। ये जगहें मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल होती हैं। इसी समस्या को देखते हुए ट्रेन में खास पावर स्प्रे टैंक लगाए गए हैं। पहले चरण में यह ट्रेन करीब 75 किलोमीटर लंबे रेलवे ट्रैक और आसपास के इलाकों को कवर करेगी। ट्रेन से पटरियों के दोनों तरफ पानी जमा होने वाली जगहों और संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों पर एंटी-लार्वा दवाओं का छिड़काव किया जाएगा।
इन इलाकों से गुजरेगी ट्रेन
यह अभियान सितंबर तक चलाया जाएगा। इसके तहत दिल्ली के कई प्रमुख रेलवे रूट और उनके आसपास के इलाके कवर किए जाएंगे।
- नई दिल्ली से साहिबाबाद
- आदर्श नगर से बादली
- दिल्ली जंक्शन और दिल्ली शाहदरा
- हजरत निजामुद्दीन और लाजपत नगर
- सराय रोहिल्ला, पटेल नगर और सफदरजंग
- किशनगंज, सदर बाजार और दिल्ली कैंट
- पालम-गुड़गांव
- फरीदाबाद
- ओखला-तुगलकाबाद
मच्छरों से फैलती हैं ये गंभीर बीमारियां-
मच्छर सिर्फ परेशानी का कारण नहीं हैं, बल्कि इनके काटने से कई गंभीर बीमारियां फैल सकती हैं।
1. मलेरिया- मलेरिया मादा एनोफिलीज मच्छर के जरिए फैलता है। इसके सामान्य लक्षणों में बुखार, सिरदर्द और कंपकंपी शामिल हैं।
2. डेंगू- डेंगू एक वायरल संक्रमण है, जो संक्रमित एडीज मच्छरों के काटने से फैलता है। गंभीर मामलों में यह जानलेवा भी हो सकता है।
3. जीका वायरस- जीका वायरस से कई लोगों में कोई लक्षण नहीं दिखते। कुछ मामलों में बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, चकत्ते और आंखों में संक्रमण हो सकता है।
4. पीत ज्वर- पीत ज्वर संक्रमित मच्छरों के काटने से फैलता है। इसमें बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द और जी मिचलाने जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
5. चिकनगुनिया- चिकनगुनिया वायरस एडीज एजिप्टी और एडीज एल्बोपिक्टस मच्छरों के जरिए फैलता है। संक्रमण के बाद आमतौर पर 2 से 6 दिनों में लक्षण सामने आ सकते हैं।
मच्छरों से बचने के आसान तरीके-
मच्छरों से बचने के लिए घर और आसपास साफ-सफाई रखना बेहद जरूरी है।
- घर, गमलों और आसपास पानी जमा न होने दें।
- शाम के समय खिड़की और दरवाजे बंद रखें।
- सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें।
- मच्छरों से बचने के लिए फुल स्लीव कपड़े पहनें।
- घर के आसपास जमा पानी को नियमित रूप से साफ करें।
किसे ज्यादा आकर्षित करते हैं मच्छर-
फ्लोरिडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने 119 लोगों को शामिल कर अध्ययन किया था। इसमें मच्छरों की तीन ऐसी प्रजातियों पर ध्यान दिया गया, जो इंसानों में कई बीमारियां फैला सकती हैं। शोध में यह समझने की कोशिश की गई कि इंसानों की गंध और शरीर से निकलने वाले अलग-अलग रासायनिक संकेत मच्छरों को किस तरह आकर्षित करते हैं। इससे मच्छरों के इंसानों की ओर आकर्षित होने की वजहों को समझने में मदद मिलती है।
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी के घर के बाहर सिख परिवारों का प्रदर्शन, सज्जन कुमार को ‘हीरो’ बताने पर नाराजगी








