MP Chhatarpur Case: मध्य प्रदेश के छतरपुर में निर्माणाधीन मकान का लेंटर तोड़ते समय एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा शनिवार को हुआ, जबकि घटना का वीडियो रविवार को सामने आया। साथी मजदूर उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
MP Chhatarpur Case: गलती से बिजली का तार पकड़ने पर लगा करंट-
पुलिस के अनुसार, मृतक देवेंद्र अपने साथी विशाल प्रजापति, राजेश प्रजापति और विक्की प्रजापति के साथ निर्माणाधीन मकान में लेंटर तोड़ने का काम कर रहा था। इसी दौरान उसने गलती से बिजली का तार पकड़ लिया, जिससे उसे तेज करंट लगा और उसका हाथ तार से चिपक गया।
MP Chhatarpur Case: फावड़े की मदद से छुड़ाया हाथ-
घटना के दौरान मौजूद विशाल प्रजापति ने फावड़े की मदद से देवेंद्र का हाथ बिजली के तार से अलग किया। इसके बाद वह नीचे गिर गया। साथी मजदूर उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बीमार बेटी के इलाज के लिए कर रहा था मजदूरी-
साथी मजदूर विशाल प्रजापति ने बताया कि देवेंद्र की ढाई साल और डेढ़ साल की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी पीलिया से पीड़ित है। काम पर आने से पहले देवेंद्र ने बेटी के इलाज के लिए उससे एक हजार रुपये उधार मांगे थे। विशाल ने शाम तक पैसे देने का भरोसा दिया था, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच-
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह भी जांच की जा रही है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
यह भी पढ़ें- CBSE 10वीं रिजल्ट अपडेट, जानें कब और कैसे देखें अपना रिजल्ट








