Mumbai rain: मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार, 6 जुलाई 2026 के लिए मुंबई में भारी बारिश और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुंबई के सभी सरकारी, निजी और महानगरपालिका (BMC) संचालित स्कूलों और कॉलेजों में एक दिन की छुट्टी घोषित कर दी गई है।
ऑफिस खुले रहेंगे, जरूरी काम होने पर ही निकलें बाहर
स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे, लेकिन सरकारी और निजी कार्यालय सामान्य रूप से खुले रहेंगे। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम को देखते हुए बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
Mumbai rain: भारी बारिश के बीच पेड़ गिरने से 2 लोगों की मौत
रविवार को भी मुंबई में लगातार तेज बारिश होती रही। खराब मौसम के कारण शहर के अलग-अलग इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं, जिनमें 18 वर्षीय युवक और एक बुजुर्ग की जान चली गई। पिछले एक सप्ताह में पेड़ गिरने की घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।
Mumbai rain: बीएमसी स्कूल के पास दुकान पर गिरा पेड़
बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12:40 बजे कुर्ला पश्चिम के नौपाड़ा इलाके में स्थित एक हिंदी बीएमसी स्कूल के पास पेड़ गिर गया। पेड़ एक दुकान पर आ गिरा, जिससे यूनुस कुंदावाला मलबे में दब गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बाइक सवार 18 वर्षीय युवक की भी गई जान
एक अन्य हादसा गोरेगांव पूर्व के आरे कॉलोनी इलाके में हुआ। यहां 18 वर्षीय कुमार हसन रजा जहांगीर आलम सैयद अपने दोस्तों के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान पेड़ की एक बड़ी शाखा टूटकर उसके सिर पर गिर गई। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
लगातार बढ़ रही हैं पेड़ गिरने की घटनाएं
Mumbai rain: मुंबई में मानसून के दौरान पेड़ गिरने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इससे पहले 30 जून को चेंबूर में एक बड़ा हादसा हुआ था, जब एक विशाल पेड़ चलती स्कूल बस पर गिर गया था। उस दुर्घटना में 11 वर्षीय छात्र की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद प्रशासन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में बारिश से मौसम हुआ सुहाना, गर्मी से मिली राहत; खराब मौसम के कारण 15 फ्लाइट्स डायवर्ट








