Breaking News
Home » Breaking News » रक्षा मंत्रालय में नौकरी, 3 महीने की गर्भवती थी महिला; ससुराल की प्रताड़ना के आरोप, मौत की जांच शुरू

रक्षा मंत्रालय में नौकरी, 3 महीने की गर्भवती थी महिला; ससुराल की प्रताड़ना के आरोप, मौत की जांच शुरू

Nazia Khanam Death Case: दिल्ली के द्वारका इलाके में रक्षा मंत्रालय में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर के पद पर कार्यरत 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका तीन महीने की गर्भवती थी। परिजनों ने उसके पति और ससुराल वालों पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। परिवार ने महिला की मौत को लेकर हत्या की आशंका भी जताई है।

मृतका की पहचान नाजिया खानम के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85 और 108 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और मौत की परिस्थितियों के साथ परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।

अप्रैल में हुई थी शादी

एफआईआर के मुताबिक, नाजिया की शादी 11 अप्रैल 2026 को अजम अली खान से हुई थी। मृतका के पिता तवाब खान ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को ससुराल में परेशान किया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि नाजिया के साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी। उसे घर से निकालने और जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। परिवार के मुताबिक, नाजिया फोन पर लगातार अपने साथ हो रही परेशानी की जानकारी उन्हें देती थी।

Nazia Khanam Death Case: 21 अगस्त सुबह मिली मौत की खबर

एफआईआर के अनुसार, 21 अगस्त की सुबह करीब चार बजे नाजिया के मायके वालों को उसकी मौत की जानकारी दी गई। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों ने उसकी मौत पर संदेह जताते हुए ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए। परिवार का कहना है कि नाजिया तीन महीने की गर्भवती थी और लगातार प्रताड़ना के चलते वह मानसिक रूप से परेशान थी। परिजनों ने यह आशंका भी जताई कि उसकी हत्या कर घटना को आत्महत्या का रूप दिया गया हो सकता है।

पति ने पुलिस को क्या बताया?

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद सब-इंस्पेक्टर सतपाल डागर मौके पर पहुंचे। पूछताछ में पति ने बताया कि दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद नाजिया खुद को एक कमरे में बंद कर लिया था। पति के अनुसार, बाद में उसने नाजिया को खिड़की से लटका हुआ पाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने क्राइम टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए डीडीयू अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया।

पिता और भाई के बयान दर्ज

पुलिस के मुताबिक, मृतका के पिता और भाई ने बिजवासन के कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने अपने बयान दर्ज कराए। मृतका के पिता ने अपने बयान में दामाद को बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब परिजनों के आरोपों, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को जांच का हिस्सा बना रही है।

BNS की धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने मामले में BNS की धारा 85 और 108 के तहत केस दर्ज किया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि नाजिया की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या उसकी मौत से पहले उसे किसी तरह की प्रताड़ना का सामना करना पड़ा था। फिलहाल पुलिस ने मौत के कारण को लेकर अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े… अखिलेश के ‘चवन्नी से रुपया’ वाले बयान में कितना दम? पिछले चार चुनावों के आंकड़े बताते हैं सहयोगियों को कितना फायदा, जानिए विस्तार से….