Home » एक्सक्लूसिव » ‘नोट कर लो, एग्जाम में यही आएगा…’, बॉटनी टीचर के बताए सवाल हूबहू पेपर में मिले जानिए क्या हुआ?

‘नोट कर लो, एग्जाम में यही आएगा…’, बॉटनी टीचर के बताए सवाल हूबहू पेपर में मिले जानिए क्या हुआ?

NEET UG Paper Leak:
NEET UG Paper Leak: नीट-यूजी बायोलॉजी पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। एजेंसी ने पुणे की बॉटनी टीचर मनीषा गुरुनाथ मंधारे को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। सीबीआई के मुताबिक, पेपर लीक का पूरा नेटवर्क बेहद सुनियोजित तरीके से काम कर रहा था। इसमें अलग-अलग स्तर पर कई लोगों की भूमिका सामने आई है। जांच एजेंसी अब इस रैकेट के पूरे नेटवर्क और इसके कनेक्शन की जांच कर रही है।

NTA से जुड़ने के बाद शुरू हुआ खेल

CBI की जांच के अनुसार, मनीषा गुरुनाथ मंधारे को राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) की परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ा काम सौंपा गया था। आरोप है कि अप्रैल महीने में उसने पहले से गिरफ्तार आरोपी मनीषा वाघमारे के जरिए कई NEET उम्मीदवारों से संपर्क किया। इसके बाद छात्रों को पुणे स्थित अपने घर पर विशेष कोचिंग देना शुरू किया गया।

NEET UG Paper Leak: छात्रों को पहले से नोट करवाए गए सवाल

जांच एजेंसी के मुताबिक, कोचिंग के दौरान आरोपी टीचर ने छात्रों को वनस्पति विज्ञान और प्राणी विज्ञान के कई महत्वपूर्ण सवाल नोट करवाए थे। छात्रों से कहा गया था कि वे इन सवालों को अपनी नोटबुक में लिखें और किताबों में खास तौर पर मार्क करें। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि आरोपी द्वारा बताए गए अधिकांश सवाल 3 मई को आयोजित वास्तविक NEET-UG परीक्षा के प्रश्नपत्र से हूबहू मेल खाते थे।

NEET UG Paper Leak: देशभर में CBI की छापेमारी

बीते 24 घंटों के दौरान CBI ने देशभर में 6 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। जांच एजेंसी ने कई आपत्तिजनक दस्तावेज, लैपटॉप, बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इन इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की अब फॉरेंसिक जांच की जा रही है।

कई शहरों तक फैला नेटवर्क

अब तक गिरफ्तार आरोपी दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिलियानगर समेत कई शहरों से जुड़े हुए हैं। CBI ने इनमें से पांच आरोपियों को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। वहीं पुणे से गिरफ्तार दो आरोपियों को दिल्ली लाया जा रहा है।

लाखों रुपये लेकर कराई जाती थी ‘स्पेशल कोचिंग’

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि रसायन और जीव विज्ञान के पेपर लीक कराने के लिए बिचौलियों का नेटवर्क सक्रिय था। ये लोग लाखों रुपये लेकर छात्रों को विशेष कोचिंग क्लास के जरिए परीक्षा में आने वाले सवाल उपलब्ध कराते थे।

केमिस्ट्री लेक्चरर कुलकर्णी भी गिरफ्त में

इससे पहले CBI ने इस मामले के मुख्य आरोपी पी.वी. कुलकर्णी को गिरफ्तार किया था। कुलकर्णी NTA की परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े केमिस्ट्री लेक्चरर बताए जा रहे हैं। उन पर प्रश्नपत्रों तक सीधी पहुंच होने का आरोप है। जांच में सामने आया कि अप्रैल के आखिरी सप्ताह में कुलकर्णी ने मनीषा वाघमारे के साथ मिलकर पुणे स्थित अपने घर पर चुनिंदा छात्रों के लिए विशेष कोचिंग सत्र आयोजित किए थे।

यह भी पढ़े : ट्रंप के बाद अब चीन जाएंगे पुतिन, जिनपिंग संग होगी बड़ी बैठक; ताइवान और ईरान पर दुनिया की नजर