Paras Jain Death: मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन का सोमवार को निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से बीमार थे और इंदौर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। पारस जैन को लोग प्यार से ‘पारस पहलवान’ के नाम से भी जानते थे।पारस जैन ने मध्य प्रदेश सरकार में वन, स्कूल शिक्षा, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण और ऊर्जा मंत्री जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली थी। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में कुल छह विधानसभा चुनाव लड़े। इनमें से पांच बार वह विधायक चुने गए, जबकि एक चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया था।
शिवराज सिंह चौहान ने जताया गहरा दुख
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पारस जैन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि मध्य प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री, उज्जैन उत्तर के पूर्व विधायक, वरिष्ठ नेता और उनके करीबी साथी पारस चंद्र जैन अब इस दुनिया में नहीं रहे।उन्होंने कहा कि पारस जैन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्पित स्वयंसेवक और भारतीय जनता पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता थे। उनके निधन की खबर सुनकर उन्हें गहरा दुख और सदमा पहुंचा है।
जनसेवा और योग के लिए भी थे प्रसिद्ध
शिवराज सिंह चौहान ने अपने संदेश में कहा कि पारस जैन ने मध्य प्रदेश और खासकर उज्जैन की जनता की पूरी निष्ठा के साथ सेवा की। वह एक कुशल संगठनकर्ता, सफल प्रशासक और योग व व्यायाम को बढ़ावा देने वाले नेता थे। इसी कारण लोग उन्हें ‘पारस पहलवान’ के नाम से पहचानते थे।उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए भगवान से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दी श्रद्धांजलि
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी पारस जैन के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री के निधन की खबर बेहद दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि जनसेवा और संगठन के प्रति पारस जैन का समर्पित जीवन आने वाली पीढ़ियों के कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणा बना रहेगा। उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
सांसद अनिल फिरोजिया ने भी जताया शोक
उज्जैन-आलोट से भाजपा सांसद अनिल फिरोजिया ने भी सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उज्जैन उत्तर के पूर्व विधायक और मध्य प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री पारस जैन के निधन की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने बाबा महाकाल से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान मिले और परिवार को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान हो।
यह भी पढ़े- दिल्ली के उस्मानपुर में दर्दनाक हादसा: मकान की छत गिरने से दंपती की मौत, 10 वर्षीय बेटा सुरक्षित बचा








