Petroleum refinery: क्या आप जानते हैं कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा सिंगल-लोकेशन रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स मौजूद है? यह गुजरात के जामनगर शहर में स्थित है। जामनगर भले ही एक छोटा शहर हो, लेकिन यहां बनी यह रिफाइनरी पूरी दुनिया में मशहूर है। इस रिफाइनरी का नाम जामनगर रिफाइनरी है और इसका मालिकाना हक रिलायंस इंडस्ट्रीज के पास है। यह करीब 7500 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में फैली हुई है, जिसके कारण इसे भारत की सबसे बड़ी औद्योगिक इकाइयों में भी गिना जाता है। जामनगर रिफाइनरी में बड़े पैमाने पर कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) को प्रोसेस किया जाता है और उससे पेट्रोल, डीजल तथा अन्य पेट्रोलियम उत्पाद तैयार किए जाते हैं। इसकी क्षमता इतनी अधिक है कि इसे दुनिया के सबसे बड़े रिफाइनिंग कॉम्प्लेक्स में शामिल किया जाता है। आइए जानते हैं जामनगर रिफाइनरी की खासियतें, इसकी क्षमता और वे बातें जो इसे दुनिया भर में अलग पहचान दिलाती हैं।
Petroleum refinery: 7500 एकड़ में फैली जामनगर रिफाइनरी की क्षमता क्या है?
1. रिफाइनिंग क्षमता और खासियत
रिलायंस इंडस्ट्रीज के अनुसार, जामनगर रिफाइनरी दुनिया की सबसे बड़ी सिंगल-साइट रिफाइनरी है। इसकी क्रूड ऑयल प्रोसेसिंग क्षमता 1.4 मिलियन बैरल प्रतिदिन यानी करीब 22.26 करोड़ लीटर प्रतिदिन है। इसकी तकनीकी क्षमता (कॉम्प्लेक्सिटी इंडेक्स) भी दुनिया में सबसे ज्यादा मानी जाती है।
2. कई तरह के क्रूड ऑयल को प्रोसेस करने की क्षमता
जामनगर रिफाइनरी की एक बड़ी खासियत यह है कि यहां दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले 216 से अधिक प्रकार के क्रूड ऑयल को प्रोसेस किया जा चुका है। इतनी विविधता वाले क्रूड ऑयल को संभालने वाली यह दुनिया की अनोखी रिफाइनरियों में गिनी जाती है।
3. भारी क्रूड ऑयल से भी बनते हैं बेहतर उत्पाद
यह रिफाइनरी भारी और कम गुणवत्ता वाले कच्चे तेल को भी प्रोसेस कर सकती है। इसके बाद उससे पेट्रोल, डीजल और विमानन ईंधन (एविएशन फ्यूल) जैसे उच्च गुणवत्ता वाले पेट्रोलियम उत्पाद तैयार किए जाते हैं।
4. कई बड़ी औद्योगिक यूनिट्स का केंद्र
जामनगर रिफाइनरी कॉम्प्लेक्स में दुनिया की कुछ सबसे बड़ी प्रोसेसिंग यूनिट्स मौजूद हैं। इनमें FCC, कोकर, एल्काइलेशन, पैराज़ाइलीन, पॉलीप्रोपाइलीन, ROGC और पेटकोक गैसीफिकेशन प्लांट जैसी आधुनिक इकाइयां शामिल हैं, जो रिफाइनरी की उत्पादन क्षमता को और मजबूत बनाती हैं।
7500 एकड़ में फैली यह यूनिट बनी मुकेश अंबानी की सबसे बड़ी कैश जनरेटर कंपनी
Petroleum refinery: रिलायंस इंडस्ट्रीज की जामनगर रिफाइनरी कंपनी की कमाई में अहम भूमिका निभाती है। पेट्रोकेमिकल और रिफाइनिंग कारोबार रिलायंस के सबसे बड़े बिजनेस सेगमेंट्स में शामिल हैं। यही वजह है कि जामनगर रिफाइनरी को कंपनी के प्रमुख कमाई के स्रोतों में गिना जाता है। यह रिफाइनरी साल 1999 में शुरू हुई थी। करीब 7500 एकड़ में फैले इस विशाल कॉम्प्लेक्स को मात्र 30 महीनों में बनाकर चालू कर दिया गया था, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। जामनगर रिफाइनरी की नींव रिलायंस इंडस्ट्रीज के संस्थापक Dhirubhai Ambani ने रखी थी। उनका उद्देश्य भारत में पेट्रोकेमिकल और रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों का बड़े पैमाने पर उत्पादन करना था। रिफाइनरी के निर्माण की जिम्मेदारी Mukesh Ambani को सौंपी गई थी। उस समय इस परियोजना को तैयार करने में लगभग 3.4 बिलियन डॉलर, यानी करीब 30,000 करोड़ रुपये का निवेश किया गया था।
Written By: Rishika Srivastva
ये भी पढ़े: 12वीं पास छात्र बना IIT कानपुर का इंजीनियर, CBSE पोर्टल की खामियां उजागर कर बटोरी थी सुर्खियां








