PM JAY: पश्चिम बंगाल जल्द ही आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से जुड़ने वाला देश का 36वां राज्य या केंद्रशासित प्रदेश बन जाएगा। इस कदम को सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। योजना लागू होने के बाद राज्य के पात्र परिवारों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा, जिससे गंभीर बीमारियों के इलाज का आर्थिक बोझ कम होगा।
समझौता ज्ञापन पर होंगे हस्ताक्षर
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण और पश्चिम बंगाल सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के बीच सोमवार को समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इस प्रक्रिया के साथ राज्य आधिकारिक रूप से इस महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजना का हिस्सा बन जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा करेंगे। समारोह में केंद्र और राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री तथा अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
PM JAY: पात्र परिवारों को मिलेगा पांच लाख रुपये तक का कवर
योजना लागू होने के बाद पश्चिम बंगाल के पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध कराया जाएगा। यह सुविधा माध्यमिक और उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाओं के लिए लागू होगी। लाभार्थी सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भर्ती होकर उपचार प्राप्त कर सकेंगे। सरकार का मानना है कि इससे गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को बड़ी राहत मिलेगी।
देशभर में कैशलेस इलाज की सुविधा
पश्चिम बंगाल के योजना से जुड़ने के बाद लाभार्थियों को पोर्टेबिलिटी की सुविधा भी प्राप्त होगी। इसके तहत राज्य के पात्र नागरिक देशभर में सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार का लाभ उठा सकेंगे। अधिकारियों का कहना है कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता में सुधार होगा। साथ ही सभी नागरिकों को किफायती और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के राष्ट्रीय लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी। यह पहल राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें….Up News: यूपी में फिर बनेगी एनडीए की सरकार, जनता का पूरा समर्थन : रामदास आठवले








