Poison Liquor Case: महाराष्ट्र के पुणे शहर में जहरीली शराब पीने से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई। यह दुखद घटना हडपसर इलाके के पांढरे माला क्षेत्र की बताई जा रही है। घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल है। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
शराब पीने के कुछ देर बाद बिगड़ी तबीयत
स्थानीय लोगों के अनुसार, शराब पीने के थोड़ी ही देर बाद कई लोगों की तबीयत अचानक खराब होने लगी। लोगों को तेज पेट दर्द और उल्टी की शिकायत हुई। हालत गंभीर होने पर उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।बताया जा रहा है कि 28 मई को इस घटना में दो लोगों की मौत हुई थी, लेकिन 29 मई तक मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई।
एक ही परिवार के तीन लोगों की गई जान
इलाके में रहने वाली सुनंदा साबले ने बताया कि मरने वालों में कई लोग एक ही बस्ती के रहने वाले थे। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हुई है। मृतकों में अरुण, राहुल और यशवंत नाम के लोग शामिल हैं।उन्होंने बताया कि शराब पीने के करीब 10 मिनट बाद ही इन लोगों को उल्टी और पेट दर्द शुरू हो गया था। सुनंदा ने कहा कि अभी भी कुछ लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने मांग की कि हाथ भट्टी से बनने वाली अवैध शराब पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।

Poison Liquor Case: महिलाओं ने भी जताई नाराजगी
घटना के बाद इलाके की महिलाओं ने भी अवैध शराब के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया। एक महिला ने कहा कि शराब की वजह से घरों में रोज विवाद होते हैं। रात में शराब पीकर लोग महिलाओं को परेशान करते हैं। छोटे बच्चों वाले परिवार भी इससे परेशान हैं।महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में शराब की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाई जाए ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
मुख्यमंत्री ने दिए सख्त कार्रवाई के आदेश
गृह विभाग के सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुणे और पिंपरी चिंचवड़ के पुलिस आयुक्तों को तुरंत जांच करने के निर्देश दिए हैं।मुख्यमंत्री ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए और किसी को भी बख्शा न जाए। दोनों शहरों की पुलिस को मिलकर संयुक्त जांच करने के लिए कहा गया है।
8 आरोपी गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, इस मामले से जुड़े कई ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आबकारी विभाग की टीम भी जांच में शामिल हो गई है।अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि शराब में कौन-कौन से जहरीले पदार्थ मिलाए गए थे और मौतों की असली वजह क्या थी।
सांसद ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
सांसद श्रीरंग बारणे ने कहा कि शुरुआती जानकारी में शराब में मिलावट की बात सामने आई है। उन्होंने अधिकारियों से इस मामले में सख्त कदम उठाने को कहा है।उन्होंने लोगों से अपील की कि सस्ती शराब के लालच में अपनी जान खतरे में न डालें और अवैध शराब से दूर रहें।








