Prashant Kishor Jobs: जनसुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ने बांकीपुर से चुनाव जीतने के बाद क्षेत्र के युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने बांकीपुर के 10 हजार पढ़े-लिखे युवाओं को नौकरी दिलाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए उन्होंने बेरोजगार युवाओं से अपना CV और बायोडाटा उनके कार्यालय में जमा करने को कहा है।
Prashant Kishor Jobs: युवाओं से मांगा CV, बड़ी कंपनियों में नौकरी दिलाने का वादा-
प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का जो भी पढ़ा-लिखा युवा नौकरी की तलाश में है, वह अपना बायोडाटा उनके कार्यालय में जमा कर सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे युवाओं को बड़ी कंपनियों में नौकरी दिलाने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की किसी भी विधानसभा क्षेत्र से अगर किसी युवा को नौकरी का अवसर मिलता है, तो बांकीपुर के युवाओं को प्राथमिकता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
Prashant Kishor Jobs: ‘जिन्होंने फायदा उठाया, उनसे भी युवाओं की मदद करने को कहा’-
प्रशांत किशोर ने कहा कि जिन लोगों ने उनसे किसी न किसी रूप में फायदा उठाया है, उनसे भी उन्होंने बांकीपुर के बच्चों को रोजगार दिलाने में मदद करने को कहा है। उनका कहना है कि रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए अलग-अलग स्तर पर प्रयास किए जाएंगे, ताकि पढ़े-लिखे युवाओं को नौकरी मिल सके।
बोले- अगले तीन महीने में दिखेगा बदलाव-
चुनाव जीतने के बाद क्षेत्र के लोगों को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि लोगों ने अपना काम कर दिया है और अब उन्हें काम करने का मौका दिया जाए। उन्होंने दावा किया कि आने वाले एक-दो साल में लोगों और उनके बच्चों के जीवन में बेहतरी दिखाई देगी। साथ ही उन्होंने कहा कि अगले तीन महीने में शिक्षा, रोजगार और अन्य क्षेत्रों में बदलाव दिखना शुरू हो जाएगा। उन्होंने समर्थकों से कहा कि उन्हें बार-बार उनके पीछे या कार्यालय आने की जरूरत नहीं है। लोगों ने सही वोट देकर अपना काम कर दिया है और अब उन्हें बदलाव का इंतजार करना चाहिए।
19,324 वोटों से जीते प्रशांत किशोर-
बांकीपुर सीट पर हुए उपचुनाव में प्रशांत किशोर ने 19,324 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद यह सीट खाली हुई थी, जिसके बाद यहां उपचुनाव कराया गया। प्रशांत किशोर को 64,151 वोट मिले, जबकि दूसरे स्थान पर रहे भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 44,827 वोट मिले। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल की उम्मीदवार रेखा कुमारी 14,273 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
यह भी पढ़े- ISRO की मदद से VB-G RAM G में फर्जीवाड़े पर लगेगी लगाम, कागजों में काम दिखाकर नहीं हड़प सकेंगे पैसा








