Prerna Vimarsh 2026: समाज, मीडिया, राष्ट्र और समकालीन विषयों पर सकारात्मक संवाद के मंच ‘प्रेरणा विमर्श’ के आगामी आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। ‘उत्कर्ष : नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान’ की केंद्रीय भावना के साथ प्रेरणा विमर्श-2026 का आयोजन 19 और 20 सितंबर 2026 को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा परिसर में किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय परिसर में त्रि-सत्रीय योजना बैठक आयोजित की गई। इसमें 150 से अधिक कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया गया और विभिन्न सत्रों व व्यवस्थाओं को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई।
Prerna Vimarsh 2026: 19 सितंबर को ‘नारी शक्ति राष्ट्र वंदन’ कार्यक्रम-
आयोजन के पहले दिन यानी 19 सितंबर को करीब 1,000 मातृशक्ति की सहभागिता के साथ ‘नारी शक्ति राष्ट्र वंदन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें नारी शक्ति, सम्मान और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर संवाद होगा।
Prerna Vimarsh 2026: 20 सितंबर को दो प्रमुख विचार-सत्र-
20 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक दो समानांतर विचार-सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें युवा और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न समकालीन मुद्दों पर चर्चा होगी।
‘युवा सोच, नया भारत’ में AI और तकनीक पर चर्चा-
पहले सत्र का विषय ‘युवा सोच, नया भारत’ रखा गया है। इसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), तकनीक, डिजिटल मीडिया, ब्लॉगिंग, सोशल मीडिया, उद्यमिता, कौशल विकास और विकसित भारत जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
‘स्वाभिमानी नारी, सशक्त भारत’ में महिला नेतृत्व पर मंथन-
दूसरे सत्र का विषय ‘स्वाभिमानी नारी, सशक्त भारत’ होगा। इसमें नारी नेतृत्व, शिक्षा, शोध, विज्ञान, मीडिया, उद्यमिता और सामाजिक क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका पर चर्चा की जाएगी।
20 सितंबर को होगा सामूहिक समापन समारोह-
दोनों विचार-सत्रों के बाद 20 सितंबर को दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक सामूहिक समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलाधिपति और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ दोनों विचार-सत्रों में सामने आए प्रमुख निष्कर्ष भी साझा किए जाएंगे।
तीन सत्रों में बनी आयोजन की कार्ययोजना-
योजना बैठक के पहले सत्र में निर्धारित सत्र संयोजकों ने अपनी सहयोगी टीम, सह-संयोजकों, आयाम संयोजकों और टोली सदस्यों का परिचय कराया। साथ ही पंजीकरण और सहभागिता की समीक्षा की गई। दूसरे सत्र में विभिन्न टोलियों ने अलग-अलग बैठक कर जनसंपर्क, पंजीकरण, प्रचार-प्रसार, मीडिया, डिजिटल प्रचार, अतिथि समन्वय और अन्य व्यवस्थाओं की कार्ययोजना तैयार की।
तीसरे सत्र की शुरुआत ‘प्रेरणा विमर्श’ की वर्ष 2020 से अब तक की यात्रा की वीडियो झलकियों के साथ हुई। इसके बाद प्रेरणा मीडिया शोध संस्थान न्यास की अध्यक्षा प्रीति दादू, ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ के अध्यक्ष डॉ. अनिल त्यागी, कार्यकारी अध्यक्ष बिजेंद्र गुप्ता और उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के प्रचार प्रमुख कृपाशंकर ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
समयबद्ध तैयारी और सामाजिक सहभागिता पर जोर-
बैठक में आयोजन की सफलता के लिए समयबद्ध कार्ययोजना, संगठनात्मक समन्वय और व्यापक सामाजिक सहभागिता पर जोर दिया गया। बैठक में संचालन टोली सहित विभिन्न सत्रों और आयामों से जुड़े 150 से अधिक टोली सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ के संयोजक श्यामा किशोर सहाय और सचिव मोनिका चौहान ने संयुक्त रूप से किया।
सकारात्मक संवाद और राष्ट्र निर्माण है उद्देश्य-
आयोजन समिति के अनुसार, ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ का उद्देश्य नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान और राष्ट्र उत्कर्ष की भावना के साथ समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाना है। इसके माध्यम से सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देने और राष्ट्र निर्माण की दिशा को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
यह भी पढ़े- यूपी में छह चरणों में होंगी अग्निवीर भर्ती रैलियां, तैयारियों में जुटी योगी सरकार








