Punjab Health News: पंजाब में हड्डियों, जोड़ों और दुर्घटनाओं से जुड़ी बीमारियों के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत सिर्फ ऑर्थोपेडिक उपचारों पर अब तक 84 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए जा चुके हैं। सरकारी आंकड़े बताते हैं कि घुटना प्रत्यारोपण, कूल्हे की सर्जरी और फ्रैक्चर के इलाज के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
45 लाख से ज्यादा लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन
मुख्यमंत्री सेहत योजना पंजाब की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजनाओं में से एक बन चुकी है। अब तक 45 लाख से अधिक लोगों का रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है। लुधियाना में सबसे ज्यादा 4.8 लाख से अधिक लोग इस योजना से जुड़े हैं, जबकि पटियाला में करीब 4.1 लाख लाभार्थी पंजीकृत हैं। योजना के तहत मरीजों को सरकारी अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा मिल रही है, जिससे महंगे ऑपरेशन और सर्जरी आम लोगों की पहुंच में आ गए हैं।
Punjab Health News: बढ़ रही हैं घुटनों और कूल्हों की समस्याएं
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बढ़ती उम्र के साथ जोड़ों का दर्द, घुटनों का घिसना, चलने-फिरने में परेशानी और कूल्हों से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। सरकारी अस्पतालों में ऐसे मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है जिन्हें सर्जरी की जरूरत पड़ रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि पहले महंगे इलाज के कारण कई मरीज ऑपरेशन नहीं करा पाते थे, लेकिन अब सरकारी योजना के जरिए उन्हें समय पर उपचार मिल रहा है।
Punjab Health News: फैक्ट्री हादसे के बाद गुलशन को मिली नई जिंदगी
पटियाला के पास खेड़ा गज्जू गांव के रहने वाले 43 वर्षीय गुलशन तनेजा के लिए यह योजना किसी राहत से कम नहीं रही। फैक्ट्री में काम के दौरान हुए एक हादसे के बाद उनके घुटने के लिगामेंट में गंभीर चोट आ गई थी। दर्द इतना बढ़ गया था कि चलना-फिरना भी मुश्किल हो गया था। उन्हें 6 मई को राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया और अगले दिन सफल ऑपरेशन किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें गंभीर जोड़ दर्द, सूजन और वजन सहने में परेशानी थी।मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत गुलशन का 86,750 रुपये का पूरा इलाज मुफ्त किया गया। 12 मई को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। गुलशन तनेजा ने कहा, “मैं धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहा हूं। सबसे बड़ी राहत यह रही कि इलाज के लिए मुझे कोई पैसा नहीं देना पड़ा। यह योजना हमारे जैसे परिवारों के लिए बहुत मददगार साबित हो रही है।”
स्वास्थ्य मंत्री ने क्या कहा?
Punjab Health News: पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि राज्य में ऑर्थोपेडिक बीमारियों का बोझ लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सुलभ और किफायती सर्जिकल सेवाओं को मजबूत करना जरूरी हो गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सेहत योजना के जरिए हजारों मरीजों को घुटना, कूल्हा और ट्रॉमा संबंधी उपचार पूरी तरह कैशलेस उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे न सिर्फ मरीजों का आर्थिक बोझ कम हो रहा है बल्कि उनकी जीवन गुणवत्ता में भी सुधार आ रहा है। स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, सिर्फ चार महीनों में ऑर्थोपेडिक उपचारों पर 84 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होना इस बात का संकेत है कि पंजाब में स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा तेजी से बढ़ रहा है और लोगों को बेहतर इलाज मिल रहा है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली होटल अग्निकांड: 21 मौतों के बाद खुली बड़ी पोल, 6 कमरों की अनुमति पर बना दिए 25 कमरे!








