QUAD MEETINGS: भारत की मेजबानी में नई दिल्ली में मंगलवार को QUAD देशों के विदेश मंत्रियों की अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक के बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर (S. Jaishankar) ने कहा कि बातचीत बेहद “सार्थक और उपयोगी” रही और ज्यादातर चर्चा दुनिया के मौजूदा हालात पर केंद्रित थी। बैठक ऐसे समय हुई जब हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की बढ़ती सैन्य गतिविधियों और होर्मुज स्ट्रेट संकट को लेकर वैश्विक चिंता बढ़ी हुई है।
समुद्री सुरक्षा और होर्मुज पर चर्चा
जयशंकर ने कहा कि QUAD देशों ने समुद्री संपर्क मार्गों में आने वाली रुकावटों और होर्मुज स्ट्रेट को खुला रखने जैसे मुद्दों पर गंभीर चर्चा की। उन्होंने कहा, “हम चार समुद्री लोकतंत्र हैं और इंडो-पैसिफिक के अलग-अलग हिस्सों का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में विचारों का साझा होना बेहद जरूरी है।” विदेश मंत्री ने बताया कि समुद्री निगरानी, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क, अंडरसी केबल, ट्रेनिंग और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ रहा है।
QUAD MEETINGS: सप्लाई चेन और रणनीतिक भरोसे पर जोर
जयशंकर ने कहा कि दुनिया को सप्लाई चेन में बाधा, संसाधनों के अत्यधिक केंद्रीकरण और महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों से निपटने के लिए रणनीतिक भरोसा मजबूत करना, समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करना और पारदर्शी साझेदारी को बढ़ावा देना जरूरी है।
‘फ्री एंड ओपन इंडो-पैसिफिक’ पर साझा फोकस
भारत ने दोहराया कि QUAD का मुख्य फोकस “फ्री एंड ओपन इंडो-पैसिफिक” रहेगा। जयशंकर ने कहा कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र वैश्विक विकास और स्थिरता का प्रमुख केंद्र बना रहना चाहिए और इसके लिए लोकतांत्रिक देशों की साझा जिम्मेदारी है।
QUAD MEETINGS: ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका ने भी रखा पक्ष
ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग (Penny Wong) ने QUAD को और मजबूत बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि सदस्य देश शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। वहीं अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो (Marco Rubio) ने कहा कि हालिया वैश्विक घटनाओं के बाद QUAD की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा सुरक्षा, नेविगेशन की स्वतंत्रता और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे मुद्दों पर QUAD दुनिया की बड़ी चुनौतियों का समाधान देने में अहम भूमिका निभा सकता है।
ये भी पढ़े… बंगाल में घुसपैठियों पर बड़ा शिकंजा: मालदा-मुर्शिदाबाद में होल्डिंग सेंटर खुलते ही मचा हड़कंप







