Home » उत्तर प्रदेश » राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ा एक्शन! आरोपियों पर लग सकता है गैंगस्टर एक्ट

राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ा एक्शन! आरोपियों पर लग सकता है गैंगस्टर एक्ट

Ram Mandir Donation: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। मुख्य आरोपी टिन्नू यादव समेत आठ आरोपियों पर अब गैंगस्टर एक्ट लगाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब तक जुटाए गए साक्ष्य इस कार्रवाई के लिए पर्याप्त माने जा रहे हैं और विधिक राय ली जा रही है। गैंगस्टर एक्ट लगने पर आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया भी आसान हो जाएगी।

भर्ती प्रक्रिया में भी गड़बड़ी के आरोप

जांच के दौरान अब राम मंदिर प्रतिष्ठान की भर्ती प्रक्रिया भी जांच के दायरे में आ गई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि मंदिर में हुई नियुक्तियों में कहीं अनियमितता तो नहीं हुई।

Ram Mandir Donation: नौकरी दिलाने के नाम पर रिश्वत का आरोप

सूत्रों के मुताबिक, मंदिर में नौकरी दिलाने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप भी सामने आए हैं। गिरफ्तार आरोपी अविनाश शुक्ला से पूछताछ में एक ट्रस्ट सदस्य का नाम सामने आने के बाद जांच और तेज कर दी गई है। बताया जा रहा है कि मंदिर प्रतिष्ठान में करीब 125 कर्मचारियों की नियुक्ति हुई थी और कुछ उम्मीदवारों ने नौकरी पाने के लिए पैसे देने का दावा किया है।

नियुक्ति दस्तावेजों की हो रही जांच

प्रारंभिक जांच में कई कर्मचारियों के नियुक्ति पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले हैं। इसी वजह से पुलिस प्रत्येक नियुक्ति की अलग-अलग जांच कर रही है ताकि पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता की पुष्टि की जा सके।

Ram Mandir Donation: पूछताछ में कई अहम खुलासे

पुलिस आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी अविनाश शुक्ला ने पूछताछ में बड़ी वित्तीय गड़बड़ियों की जानकारी दी है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि मंदिर परिसर की सुरक्षा और दान गिनती व्यवस्था की कथित कमियों का किस तरह फायदा उठाया गया।

SIT का कार्यकाल 15 दिन बढ़ा

मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) का कार्यकाल 15 दिन बढ़ा दिया गया है। टीम अब ट्रस्ट के पिछले पांच वर्षों के वित्तीय लेन-देन और ऑडिट रिकॉर्ड की भी जांच करेगी। SIT अपनी विस्तृत रिपोर्ट 15 जुलाई तक शासन को सौंपेगी।

ये भी पढ़े… क्या कांग्रेस छोड़ेंगे मनीष तिवारी? पंजाब चुनाव से पहले सियासत में बड़ी हलचल