RCB vs MI: आईपीएल 2026 के 54वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिलेगी। यह मैच रविवार (10 मई) को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए जीत बेहद जरूरी है।
RCB की हार ने बढ़ाई चिंता
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को पिछले मैच में लखनऊ के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। उस मुकाबले में मिचेल मार्श ने RCB के गेंदबाजी आक्रमण की कमजोरियों को पूरी तरह उजागर कर दिया। बेंगलुरु के गेंदबाज रन रोकने में नाकाम रहे और टीम को इसका नुकसान उठाना पड़ा। हालांकि, टीम अभी भी 12 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर बनी हुई है। ऐसे में RCB इस मैच में वापसी करने के इरादे से उतरेगी।

मुंबई इंडियंस के लिए राहत बनी हार्दिक की वापसी
मुंबई इंडियंस इस समय पॉइंट्स टेबल में काफी नीचे है और टीम 6 अंकों के साथ 9वें स्थान पर मौजूद है। टीम को इस सीजन में लगातार संतुलन की कमी महसूस हुई है। खासकर छठे गेंदबाजी विकल्प और फिनिशिंग में परेशानी देखने को मिली। ऐसे में हार्दिक पंड्या की वापसी मुंबई के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। उनकी मौजूदगी टीम को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में मजबूती दे सकती है।
RCB vs MI: मैच की पूरी जानकारी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच यह मुकाबला रविवार 10 मई 2026 को शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। मैच का आयोजन रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में होगा। फैंस इस मुकाबले का लाइव प्रसारण जियो स्टार नेटवर्क चैनलों पर देख सकेंगे, जबकि ऑनलाइन स्ट्रीमिंग जियोस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।
हेड टू हेड रिकॉर्ड में मुंबई आगे
अगर दोनों टीमों के आपसी रिकॉर्ड की बात करें तो अब तक RCB और मुंबई इंडियंस के बीच कुल 35 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें मुंबई इंडियंस ने 19 मैच जीते हैं, जबकि RCB को 16 मुकाबलों में जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच पहला मैच 20 अप्रैल 2008 को खेला गया था, जिसमें RCB ने जीत दर्ज की थी। वहीं हाल ही में 12 अप्रैल 2026 को खेले गए मुकाबले में भी बेंगलुरु ने मुंबई को हराया था।

बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है रायपुर की पिच
शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में इस सीजन का यह पहला मुकाबला होगा। यहां की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए काफी अनुकूल मानी जाती है। टी20 मैचों में इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर करीब 193 रन रहता है। यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों को अक्सर फायदा मिलता है। वहीं तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों को ही रन रोकने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
RCB की संभावित प्लेइंग इलेवन
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की संभावित प्लेइंग इलेवन में जैकब बेथेल, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, रसिख सलाम डार और जोश हेजलवुड शामिल हो सकते हैं। टीम के इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में टिम डेविड को इस्तेमाल किया जा सकता है।
मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग इलेवन
मुंबई इंडियंस की संभावित टीम में रायन रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, विल जैक्स, राज बावा, हार्दिक पंड्या, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह, एएम गजनफर और रघु शर्मा शामिल हो सकते हैं। वहीं टीम के इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर रोहित शर्मा नजर आ सकते हैं।
ये भी पढ़ें… होर्मुज तनाव के बीच मिस्र-कतर की अपील, अमेरिका और ईरान दिखाएं जिम्मेदारी और समझदारी








