Sawan Somwar: सावन के दूसरे सोमवार के मौके पर देशभर के शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। हरिद्वार से लेकर झारखंड के देवघर और असम के नागांव तक श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने और उनका आशीर्वाद लेने पहुंचे। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा माहौल ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से भक्तिमय बना रहा।
दक्षेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा जनसैलाब
हरिद्वार के कनखल में स्थित ऐतिहासिक दक्षेश्वर महादेव मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार पर बड़ी संख्या में शिव भक्त पहुंचे। श्रद्धालु गंगा जल लेकर मंदिर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इसके बाद भक्तों ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।मंदिर परिसर लगातार ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा। दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं में भगवान शिव के दर्शन को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया।आईएएनएस से बातचीत में मंदिर पहुंचे एक श्रद्धालु ने बताया कि यह दक्षेश्वर महाराज का मंदिर है और यहां सती कुंड भी मौजूद है। उन्होंने कहा कि मंदिर में दर्शन करने के बाद उन्हें बेहद खुशी और आध्यात्मिक शांति महसूस हुई।श्रद्धालु ने कहा कि यह जगह बेहद सुंदर और पवित्र है। यहां आने पर ऐसा महसूस होता है जैसे भगवान शिव स्वयं यहां विराजमान हों। उन्होंने बताया कि इस स्थान को भगवान शिव का ससुराल भी माना जाता है।उन्होंने कहा कि वह पहली बार यहां पहुंचे हैं और उनकी कोशिश रहेगी कि भविष्य में भी बार-बार इस पवित्र स्थान पर आते रहें।

देवघर में भक्तों की भारी भीड़
सावन के दूसरे सोमवार पर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्त भगवान शिव को जल चढ़ाने और पूजा करने के लिए मंदिर पहुंचे।श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भक्तों की सुविधा और सुरक्षा पर खास ध्यान दिया गया।एक महिला श्रद्धालु रिंकी देवी ने मंदिर में मिलने वाली सुविधाओं की तारीफ की। उन्होंने कहा कि यहां भक्तों के लिए काफी अच्छी व्यवस्था की गई है।वहीं, एक अन्य महिला श्रद्धालु संध्या ने बताया कि भीड़ इतनी अधिक थी कि वह भगवान शिव को जल नहीं चढ़ा सकीं। उन्होंने कहा कि ज्यादा भीड़ होने के कारण वह मंदिर के अंदर भी नहीं जा पाईं और बाहर आकर बैठना पड़ा।
नागांव के कृष्णाश्रम शिव मंदिर में भी भक्तों का सैलाब
असम के नागांव में स्थित प्रसिद्ध कृष्णाश्रम शिव मंदिर में भी सावन के दूसरे सोमवार पर हजारों श्रद्धालु पहुंचे। जिले के अलग-अलग हिस्सों से भक्त मंदिर पहुंचे और भगवान शिव को जल अर्पित कर उनका आशीर्वाद लिया।भगवान शिव के दर्शन करने पहुंचे गोपाल नाम के एक श्रद्धालु ने बताया कि सावन के पवित्र महीने का यह दूसरा सोमवार है। वह तेजपुर से नागांव के शिव मंदिर में पवित्र जल चढ़ाने के लिए पहुंचे हैं।उन्होंने बताया कि तेजपुर से नागांव की दूरी करीब 75 किलोमीटर है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और खास तौर पर उन कांवड़ियों का आभार जताया, जो पूरी श्रद्धा के साथ इतनी लंबी यात्रा करते हैं।

दो दिन की यात्रा के बाद मंदिर पहुंचे भक्त
एक अन्य श्रद्धालु ने बताया कि शनिवार को महाकाल समाज की ओर से वे लोग तेजपुर घाट गए थे। वहां से यात्रा शुरू करने के बाद करीब दो दिन की यात्रा पूरी कर वे कृष्णाश्रम शिव मंदिर पहुंचे हैं।उन्होंने कहा कि अब वे बाबा को पवित्र जल अर्पित करेंगे। सावन के दूसरे सोमवार पर देश के अलग-अलग हिस्सों में उमड़ी यह भीड़ भगवान शिव के प्रति लोगों की गहरी आस्था और श्रद्धा को दर्शाती है।
ये भी पढ़ें…स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुला तो परमाणु डील से पीछे हट सकते हैं ट्रंप, ईरान ने रख दीं बड़ी शर्तें








