Home » राष्ट्रीय » आज सरकार और सीजेपी के नेताओं के बीच होगी अहम बातचीत, संविधान क्लब में होगी बैठक

आज सरकार और सीजेपी के नेताओं के बीच होगी अहम बातचीत, संविधान क्लब में होगी बैठक

अनशन खत्म, आज सरकार-CJP की अहम बैठक

Sonam Wangchuk: दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन के लिए पहुंचे। इस बीच, नीट पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर 26 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त कर दिया। गुरुवार देर रात केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह मेदांता अस्पताल पहुंचे और सरकार की ओर से उन्हें एक लिखित प्रस्ताव सौंपा। सरकार से लिखित आश्वासन मिलने के बाद सोनम वांगचुक ने अनशन खत्म करने पर सहमति जताई। इसके बाद जेपी नड्डा ने उन्हें जूस पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया। वहीं, आज सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं के बीच बैठक भी होने वाली है।

कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होगी बैठक

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि सरकार ने उनकी इस मांग को स्वीकार कर लिया है कि बातचीत किसी निष्पक्ष स्थान पर हो। इसके लिए कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया को चुना गया है। सूत्रों के अनुसार, CJP का प्रतिनिधिमंडल आज दोपहर 12:30 बजे केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेगा। हालांकि, बैठक को लेकर विस्तृत जानकारी का अभी इंतजार है।

सरकार ने क्या भरोसा दिया?

सूत्रों के मुताबिक, सरकार ने कहा है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों के प्रति उसका रुख सकारात्मक है। सरकार संसद में पेपर लीक से जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तैयार है। इसके अलावा, पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को मुआवजा देने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जा रहा है।

सोनम वांगचुक ने क्या कहा?

अनशन खत्म करने के बाद सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, जितेंद्र सिंह और लेह-लद्दाख की एपेक्स बॉडी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने 26 दिन बाद अपना अनशन समाप्त किया।उन्होंने कहा कि यह फैसला कई दौर की लंबी बातचीत, कुछ तय शर्तों और देश में संभावित हिंसा की आशंका को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि वे जल्द ही एक वीडियो जारी कर इन सभी शर्तों की विस्तार से जानकारी देंगे। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि देश में कहीं भी किसी तरह की हिंसा न होने दें।

पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

सोनम वांगचुक के अनशन खत्म करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देर रात सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। प्रधानमंत्री ने उनसे डॉक्टरों की सलाह का पालन करने और अपनी दिनचर्या का ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने उम्मीद जताई कि सोनम वांगचुक जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर अपना पहले जैसा वजन भी वापस हासिल करेंगे। साथ ही पीएम मोदी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।