Home » तमिलनाडु » तमिलनाडु में बड़े ऐलान, 2 अक्तूबर से महिलाओं का फ्री सफर, पोंगल के बाद मिलेंगे 3 मुफ्त गैस सिलेंडर

तमिलनाडु में बड़े ऐलान, 2 अक्तूबर से महिलाओं का फ्री सफर, पोंगल के बाद मिलेंगे 3 मुफ्त गैस सिलेंडर

तमिलनाडु में महिलाओं को फ्री बस यात्रा

Tamil Nadu Schemes: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को महिलाओं के लिए चल रही मुफ्त बस यात्रा योजना का विस्तार करने की घोषणा की। अब इस योजना का लाभ महिलाएं डीलक्स और एक्सप्रेस बसों में भी उठा सकेंगी। मुख्यमंत्री ने विधानसभा में इस फैसले का ऐलान किया।इसके साथ ही विजय ने कई अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के प्रमुख चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में हर पात्र परिवार को साल में तीन मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर देने की घोषणा की। इसकी राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।मुख्यमंत्री ने परंदूर ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजना को रद्द करने का भी ऐलान किया। इस परियोजना का स्थानीय किसान लंबे समय से विरोध कर रहे थे और अपनी जमीन देने के लिए तैयार नहीं थे।

‘वेत्री पयनम’ योजना की घोषणा

मुख्यमंत्री विजय ने महिलाओं के लिए ‘वेत्री पयनम’ नाम से नई योजना की भी घोषणा की। इसके तहत महानगरीय और शहरी क्षेत्रों में चलने वाली सरकारी एक्सप्रेस, एलएसएस और डीलक्स बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।जिलों के बीच यात्रा करने वाली साधारण किराये की मोफस्सिल और पहाड़ी इलाकों की बसों में भी महिलाओं को बिना किराया दिए सफर करने की सुविधा मिलेगी।सरकार इस योजना को 2 अक्टूबर यानी महात्मा गांधी की जयंती से लागू करेगी। योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं के लिए किसी तरह की आय सीमा तय नहीं की गई है। इसके अलावा यात्रा की संख्या पर भी कोई सीमा नहीं होगी।इस योजना में ट्रांसजेंडर लोगों को भी शामिल किया गया है। यानी वे भी निर्धारित सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ उठा सकेंगे।

हर पात्र परिवार को तीन मुफ्त गैस सिलेंडर

कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री विजय ने ‘अन्नपूर्णाई सुपर सिक्स’ योजना की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि 14 जनवरी से शुरू होने वाले पोंगल पर्व के बाद तमिलनाडु के हर पात्र परिवार को मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर का लाभ दिया जाएगा।सरकार एक साल में तीन गैस सिलेंडर की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर करेगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस योजना से करीब 1 करोड़ 30 लाख परिवारों को फायदा मिलने की उम्मीद है।इस योजना पर राज्य सरकार हर साल लगभग 4,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसमें 2.5 लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों के साथ छोटे और सीमांत किसान परिवार, दिव्यांग परिवार और अन्य कमजोर वर्गों को भी शामिल किया जाएगा।

स्वास्थ्य बीमा की सीमा बढ़ाने का ऐलान

इससे पहले 19 अगस्त को मुख्यमंत्री विजय ने राज्य सरकार की मुख्यमंत्री व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना (सीएमसीएचआईएस) में भी बड़ा बदलाव करने की घोषणा की थी। इसके तहत वार्षिक स्वास्थ्य बीमा कवरेज को मौजूदा 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने का ऐलान किया गया था।

पेरम्बूर में बनेगा 400 बेड का अस्पताल

मुख्यमंत्री ने उत्तर चेन्नई के पेरम्बूर में अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला 400 बिस्तरों का मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने की भी घोषणा की थी। इस परियोजना पर करीब 300 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।विजय ने कहा कि राज्य में चिकित्सा कर्मियों की कमी को दूर करने के लिए नर्सिंग और फार्मेसी पाठ्यक्रमों में अतिरिक्त सीटें बढ़ाई जाएंगी। इसके लिए 351 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।योजना के तहत सात नए नर्सिंग कॉलेज शुरू किए जाएंगे। इसके अलावा पहले से चल रहे नर्सिंग संस्थानों में भी सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

यह भी पढ़े- बॉर्डर बंद, वीजा पर रोक, फिर भी भारत आईं 150 पाकिस्तानी दुल्हनें; कैसे मिली मंजूरी?