Tamilnadu Politics: तमिलनाडु की राजनीति में इन दिनों लगातार हलचल देखने को मिल रही है। अभिनेता से नेता बने थलपति विजय की पार्टी टीवीके (TVK) को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। राज्यपाल कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक, विजय को शनिवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ के लिए आमंत्रित नहीं किया गया है। वजह साफ है, वे विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा नहीं जुटा सके। 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी है, लेकिन सूत्रों का दावा है कि विजय के पास फिलहाल सिर्फ 116 विधायकों का समर्थन ही है। बताया जा रहा है कि टीवीके ने वीसीके, एएमएमके और आईयूएमएल के कुछ विधायकों से समर्थन लेने की कोशिश की, लेकिन बात पूरी तरह नहीं बन पाई।
समर्थन पत्र भी नहीं दे सके विजय
सूत्रों के अनुसार, विजय राज्यपाल को वीसीके और आईयूएमएल का आधिकारिक समर्थन पत्र भी नहीं सौंप पाए। इसके बाद आईयूएमएल और एएमएमके ने टीवीके के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल होने से भी इनकार कर दिया। ऐसे में विजय की सरकार बनने की संभावनाओं को बड़ा झटका लगा है।
Tamilnadu Politics: DMK और AIADMK को लेकर भी तेज हुई चर्चा
इस पूरे घटनाक्रम के बीच तमिलनाडु की दो बड़ी पार्टियों DMK और AIADMK को लेकर भी सियासी अटकलें तेज हो गई हैं। कहा जा रहा है कि AIADMK भाजपा के नेतृत्व वाले NDA से दूरी बना सकती है और DMK के साथ नई राजनीतिक रणनीति पर चर्चा हो रही है। हालांकि अभी तक किसी भी दल की तरफ से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
राज्यपाल ने फिर ठुकराया दावा
Tamilnadu Politics: बताया जा रहा है कि टीवीके प्रमुख विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया था, लेकिन राज्यपाल आर.वी. अर्लेकर ने बहुमत साबित न होने का हवाला देते हुए इसे स्वीकार नहीं किया। इसके बाद टीवीके ने तर्क दिया कि पहले भी कई राज्यों में सबसे बड़ी पार्टी को स्पष्ट बहुमत न होने के बावजूद सरकार बनाने का मौका दिया गया है। पार्टी का कहना है कि उन्हें सदन में बहुमत साबित करने का भरोसा है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए फिलहाल विजय का शनिवार को शपथ ग्रहण होता नजर नहीं आ रहा।
ये भी पढ़े: बुलंदशहर में दर्दनाक हादसा: वैष्णो देवी से लौट रहे परिवार की मौत, ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर








