Breaking News
Home » मध्य प्रदेश » Twisha Sharma Death Case: सास और पति की न्यायिक हिरासत 14 जुलाई तक बढ़ी, लैपटॉप पासवर्ड और वॉयस सैंपल के लिए CBI ने मांगी अनुमति

Twisha Sharma Death Case: सास और पति की न्यायिक हिरासत 14 जुलाई तक बढ़ी, लैपटॉप पासवर्ड और वॉयस सैंपल के लिए CBI ने मांगी अनुमति

Twisha Sharma Death Case:

Twisha Sharma Death Case: अभिनेत्री और मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में भोपाल की अदालत ने आरोपी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे व अधिवक्ता समर्थ सिंह की न्यायिक हिरासत 14 जुलाई तक बढ़ा दी है। मंगलवार को दोनों आरोपियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेशी हुई।

CBI ने कोर्ट में रखे दो अहम आवेदन

सुनवाई के दौरान केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने जांच को आगे बढ़ाने के लिए दो महत्वपूर्ण आवेदन पेश किए। जांच एजेंसी ने समर्थ सिंह के जब्त किए गए लैपटॉप का पासवर्ड उपलब्ध कराने और दोनों आरोपियों के वॉयस सैंपल लेने की अनुमति मांगी है। अदालत इन दोनों आवेदनों पर 3 जुलाई को सुनवाई करेगी।

Twisha Sharma Death Case: डिजिटल सबूत जुटाने के लिए जरूरी है लैपटॉप का पासवर्ड

ट्विशा शर्मा पक्ष के अधिवक्ता शुभांग दीक्षित ने बताया कि CBI पहले ही समर्थ सिंह का लैपटॉप जब्त कर चुकी है, लेकिन वह पासवर्ड से लॉक है। डिजिटल साक्ष्यों की जांच और फॉरेंसिक विश्लेषण के लिए पासवर्ड जरूरी है। वहीं वॉयस सैंपल लेने के आवेदन पर अदालत ने आरोपी पक्ष से जवाब मांगा है।

Twisha Sharma Death Case: चोरी मामले में आरोपी पक्ष को नहीं मिली राहत

सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने अदालत से अनुरोध किया कि रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को उनके घर ले जाकर चोरी हुए सामान की पहचान कराई जाए। इस पर CBI ने आपत्ति जताते हुए कहा कि चोरी और ट्विशा शर्मा की मौत दो अलग-अलग मामले हैं। अदालत ने मौखिक अनुरोध पर आदेश देने से इनकार करते हुए कहा कि यदि आरोपी पक्ष इस संबंध में कोई राहत चाहता है तो विधिवत लिखित आवेदन प्रस्तुत करे। इसके बाद अदालत ने CBI की मांग स्वीकार करते हुए दोनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत बढ़ा दी।

गिरिबाला सिंह के घर में हुई थी चोरी की कोशिश

गौरतलब है कि 27-28 जून की रात रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर में चोर घुस गए थे। बदमाशों ने सोने के जेवरात और गिरिबाला सिंह तथा समर्थ सिंह से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों की फाइल चुराने का प्रयास किया था। हालांकि, गश्त कर रही पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनते ही आरोपी सामान छोड़कर फरार हो गए। घटना के समय गिरिबाला सिंह के बड़े बेटे घर में मौजूद थे। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़े : Weather Update: जम्मू-कश्मीर समेत 5 राज्यों में पहुंचा मानसून, 6 दिन बाद फिर बढ़ी रफ्तार