UP Anganwadi: राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP)-2020 के तहत पूर्व प्राथमिक शिक्षा को प्राथमिक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को ‘अर्ली इंटरवेंशन’ (प्रारंभिक हस्तक्षेप) विषय पर तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
UP Anganwadi: विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की समय पर होगी पहचान-
समग्र शिक्षा के राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शुरुआती अवस्था में पहचान कर उनकी समस्याओं का प्रभावी प्रबंधन करना है, ताकि उन्हें समय पर जरूरी सहायता मिल सके।
UP Anganwadi: पहले तैयार होंगे मास्टर ट्रेनर्स-
प्रदेशस्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण 15 से 25 जुलाई तक इंस्टीट्यूट ऑफ कोऑपरेटिव एंड कॉरपोरेट मैनेजमेंट, रिसर्च एंड ट्रेनिंग (ICCMRT), इंदिरा नगर, लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक जिले से दो स्पेशल एजुकेटर इसमें भाग लेंगे, जो बाद में अपने-अपने जिलों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे।
तीन चरणों में होगा प्रशिक्षण-
प्रशिक्षण कार्यक्रम को तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहले चरण का आयोजन 15 से 17 जुलाई, दूसरे चरण का 20 से 22 जुलाई और तीसरे चरण का 23 से 25 जुलाई तक होगा। इसमें प्रदेश के सभी जिलों के चयनित प्रतिभागी शामिल होंगे।
बढ़ेगी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की क्षमता-
समग्र शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस प्रशिक्षण से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की क्षमता में वृद्धि होगी। साथ ही विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान कर उन्हें समय पर आवश्यक सहयोग और बेहतर शैक्षिक सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
यह भी पढ़े- पहले ‘वंदे मातरम’, फिर होगा ‘जन-गण-मन’; केंद्र सरकार ने जारी किए नए निर्देश








