Home » उत्तर प्रदेश » यूपी में 14 IAS और 34 PCS अधिकारियों का ट्रांसफर, जानें किसे कहां मिली तैनाती

यूपी में 14 IAS और 34 PCS अधिकारियों का ट्रांसफर, जानें किसे कहां मिली तैनाती

UP IAS Transfer

UP IAS Transfer: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 14 आईएएस और 34 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस बदलाव के तहत कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (CDO) को बदला गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को शासन और अलगअलग विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तबादला सूची के अनुसार, सहारनपुर, लखीमपुर खीरी, अंबेडकरनगर और अलीगढ़ मंडल समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों के अधिकारी शामिल हैं। प्रशासनिक फेरबदल के बाद जिलों में विकास कार्यों और शासन स्तर पर विभागीय जिम्मेदारियों में बदलाव देखने को मिलेगा।

सहारनपुर को मिला नया CDO

सहारनपुर के मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन का तबादला कर उन्हें उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन का CEO बनाया गया है। उनकी जगह राज्यकर विभाग के अपर आयुक्त डॉ. सुनील कुमार वर्मा को सहारनपुर का नया CDO नियुक्त किया गया है। इस बदलाव के साथ सहारनपुर में विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी अब डॉ. सुनील कुमार वर्मा संभालेंगे। लखीमपुर खीरी के CDO अभिषेक कुमार को आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह अयोध्या के ADM सिटी योगानंद पांडेय को लखीमपुर खीरी का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। वहीं, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के विशेष सचिव राहुल सिंह का तबादला कर उन्हें लोक निर्माण विभाग (PWD) का विशेष सचिव बनाया गया है।

UP IAS Transfer: अंबेडकरनगर में भी प्रशासनिक बदलाव

अंबेडकरनगर के मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला को रेशम विभाग का विशेष सचिव एवं निदेशक बनाया गया है। उनकी जगह कुशीनगर के ADM वित्त/राजस्व वैभव मिश्रा को अंबेडकरनगर का नया CDO नियुक्त किया गया है। इसके अलावा रेशम विभाग के विशेष सचिव एवं निदेशक देवेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा को राजस्व परिषद में सदस्य न्यायिक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि राजस्व परिषद, प्रयागराज के सदस्य न्यायिक साहब सिंह को सचिवालय प्रशासन विभाग का सचिव बनाया गया है। वहीं विंध्याचल मंडल के अपर आयुक्त डॉ. विश्राम को राजस्व परिषद में सदस्य न्यायिक नियुक्त किया गया है।

इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई अन्य अधिकारियों के विभाग भी बदले गए हैं।

  • संयुक्त निदेशक युवा कल्याण अशोक कुमार कनौजिया को माध्यमिक शिक्षा विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है।
  • अलीगढ़ मंडल के अपर आयुक्त अरुण कुमार को ग्राम्य विकास विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।
  • सहारनपुर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार यादव को अलीगढ़ मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है।
UP IAS Transfer: नेहा शर्मा को सचिव पद से हटाया गया

चिकित्सा शिक्षा विभाग की महानिदेशक एवं सचिव नेहा शर्मा को सचिव पद की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल में जिलों से लेकर शासन स्तर तक कई अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए अधिकारियों की तैनाती के बाद संबंधित जिलों और विभागों में प्रशासनिक एवं विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

ये भी पढ़े… ब्रिक्स की कामयाबी से बीजेपी को मिली नई ताकत, अब विपक्षी हमलों का जवाब देने की तैयारी