UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने स्वच्छ और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर ऊर्जा के विस्तार में प्रदेश के 17 जिले देश के शीर्ष 100 जिलों में शामिल हुए हैं। यह उपलब्धि न केवल सौर ऊर्जा के तेजी से बढ़ते उपयोग को दर्शाती है, बल्कि ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में उत्तर प्रदेश की मजबूत प्रगति का भी संकेत देती है। खास बात यह है कि राजधानी लखनऊ लगातार देश में पहले स्थान पर बना हुआ है, जबकि वाराणसी और कानपुर नगर भी शीर्ष 15 जिलों में अपनी जगह बनाए हुए हैं।
लखनऊ लगातार नंबर-1, वाराणसी और कानपुर भी शीर्ष जिलों में
यूपी नेडा के निदेशक रविंद्र सिंह के अनुसार, लखनऊ में अब तक 1,24,167 रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जो पूरे देश में सबसे अधिक हैं। इसी वजह से राजधानी लगातार राष्ट्रीय रैंकिंग में पहले स्थान पर बनी हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी ने 48,829 संयंत्रों के साथ देश में 10वां स्थान हासिल किया है, जबकि कानपुर नगर 43,289 संयंत्रों के साथ 14वें स्थान पर है। इस तरह उत्तर प्रदेश के तीन जिले देश के शीर्ष 15 जिलों में शामिल होकर राज्य की मजबूत स्थिति को दर्शा रहे हैं।
UP News: शीर्ष 100 में यूपी के 17 जिले, तेजी से बढ़ रहा सोलर नेटवर्क
राष्ट्रीय रैंकिंग में बरेली (24), आगरा (29), प्रयागराज (37), झांसी (51), रायबरेली (56), गोरखपुर (70), सहारनपुर (73), मुजफ्फरनगर (75), मेरठ (78), बाराबंकी (79), अलीगढ़ (81), शाहजहांपुर (86), सीतापुर (88) और उन्नाव (90) भी शीर्ष 100 जिलों में शामिल हैं। इससे स्पष्ट है कि सौर ऊर्जा का विस्तार अब केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेजी से फैल रहा है।
आसान प्रक्रिया और सब्सिडी से मिली योजना को रफ्तार
अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की सफलता के पीछे ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाना, समयबद्ध स्वीकृति, डिस्कॉम और संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय तथा सब्सिडी वितरण की प्रभावी व्यवस्था प्रमुख कारण हैं। इसके चलते बड़ी संख्या में लोग अपने घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कर रहे हैं। इससे बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आ रही है और अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ भी मिल रहा है। साथ ही कार्बन उत्सर्जन में कमी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है। प्रदेश सरकार का मानना है कि जिस गति से उत्तर प्रदेश में रूफटॉप सोलर संयंत्रों की संख्या बढ़ रही है, उसे देखते हुए आने वाले वर्षों में राज्य देश का सबसे बड़ा हरित ऊर्जा केंद्र बन सकता है। शीर्ष 100 जिलों में 17 जिलों की मौजूदगी और लखनऊ का लगातार पहला स्थान इस दिशा में उत्तर प्रदेश की मजबूत बढ़त को दर्शाता है।
ये भी पढ़ें…अमित शाह बोले- इतिहास में अजीत डोभाल के लिए सुरक्षित रहेगा ‘सुनहरा पन्ना’








