Home » राष्ट्रीय » मिर्जापुर में रुद्रेश्वर महादेव मंदिर में घुसी क्रेन, बाल-बाल बचे श्रद्धालु

मिर्जापुर में रुद्रेश्वर महादेव मंदिर में घुसी क्रेन, बाल-बाल बचे श्रद्धालु

Up News: मिर्जापुर: मंदिर में जा घुसी क्रेन, बचे श्रद्धालु

Up News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में स्थित विश्व प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी मंदिर के पास शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अनियंत्रित हुई एक भारी क्रेन सड़क किनारे स्थित रुद्रेश्वर महादेव मंदिर की दीवार तोड़ते हुए परिसर में घुस गई। घटना के समय मंदिर में महिलाएं और बच्चे पूजा-अर्चना कर रहे थे, लेकिन गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

बैक करते समय मंदिर में घुसी क्रेन

जानकारी के अनुसार, लालगंज थाना क्षेत्र के दुबार कला गांव का रहने वाला चालक क्रेन लेकर कहीं जा रहा था। रेलवे पुल के कारण रास्ता बंद होने पर वह विंध्याचल अटल चौक के पास वाहन को पीछे कर रहा था। इसी दौरान क्रेन अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे रुद्रेश्वर महादेव मंदिर की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। हादसे में मंदिर की दीवार और परिसर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

Up News: पूजा कर रहे लोग बाल-बाल बचे

घटना के समय मंदिर में कई महिलाएं और बच्चे पूजा-पाठ में व्यस्त थे। अचानक तेज आवाज के साथ क्रेन के मंदिर में घुसने से वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि सभी लोग समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई और उन्होंने प्रशासन को घटना की जानकारी दी।

चालक हिरासत में, जांच शुरू

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और नगर क्षेत्राधिकारी अमित कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन चालक को हिरासत में लेकर चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेज दिया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना के समय वह किसी नशे के प्रभाव में था या नहीं। पुलिस ने क्रेन को भी अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Up News: मंदिर की मरम्मत का दिया गया आश्वासन

घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने मंदिर की मरम्मत कराए बिना क्रेन को वहां से हटाने का विरोध किया। इसके बाद नगर क्षेत्राधिकारी ने लोगों को आश्वासन दिया कि क्रेन मालिक से बातचीत कर मंदिर की क्षति की भरपाई और मरम्मत कराई जाएगी। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि सौभाग्य से इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

 

ये भी पढ़ें…योगी ने नोएडा में किया परियोजनाओं का शिलान्यास, बोले- पिछली सरकार के पाप के गड्ढे भरने में समय लगा