UP News: गौतमबुद्ध नगर में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर माहौल खराब करने और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस ने अपना अभियान तेज कर दिया है। जिले के तीनों पुलिस जोन नोएडा, सेंट्रल नोएडा और ग्रेटर नोएडा में विशेष अभियान चलाकर देर रात तक जांच और कार्रवाई की गई।इस अभियान के दौरान खुले में शराब पीने, सार्वजनिक जगहों पर हंगामा करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले 350 से ज्यादा लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।

शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और लोगों को सुरक्षित वातावरण देने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है।पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने से कई बार विवाद, मारपीट और अन्य आपराधिक घटनाओं की स्थिति बन जाती है। इसी को देखते हुए पुलिस ने बाजारों, मॉल, पार्कों, मुख्य सड़कों, सार्वजनिक क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों में व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई
यह विशेष अभियान गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश और अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्र की निगरानी में चलाया गया।इसके अलावा डीसीपी नोएडा साद मिया खान, डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह और डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में गश्त की और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की।

UP News: 369 लोगों पर हुई कानूनी कार्रवाई
अभियान के दौरान नोएडा जोन में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 126 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।वहीं, सेंट्रल नोएडा जोन में सबसे ज्यादा 179 लोगों पर पुलिस ने कार्रवाई की। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा जोन में 64 लोगों के खिलाफ कानूनी कदम उठाए गए।इस तरह तीनों पुलिस जोन को मिलाकर कुल 369 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) धारा 292 के तहत कार्रवाई दर्ज की गई।
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना कानून के खिलाफ है। इससे आम लोगों को परेशानी होती है और इलाके की शांति व्यवस्था भी प्रभावित होती है।पुलिस ने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ भविष्य में भी लगातार अभियान जारी रहेगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी तरह की अव्यवस्था या उपद्रव करने से बचें।
यह भी पढ़े…उद्योग भवन के पास मजदूर बस्ती में भीषण आग, कई घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू








