UP Politics: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच राज्य में प्रमुख नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। शासन और सुरक्षा एजेंसियों ने 52 वरिष्ठ नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराने का फैसला किया है। इस सूची में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती समेत कई बड़े राजनीतिक, धार्मिक और प्रशासनिक नाम शामिल हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तैयार की गई सूची में मौजूदा मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, राज्यपाल, केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, न्यायाधीश और पूर्व पुलिस अधिकारियों समेत कई प्रमुख हस्तियां शामिल हैं।
योगी, अखिलेश और मायावती भी सूची में
बुलेटप्रूफ जैकेट पाने वाले प्रमुख नेताओं में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती का नाम शामिल है। इसके अलावा योगी सरकार के कई मंत्रियों को भी एक-एक जैकेट आवंटित की गई है। इनमें नंद गोपाल नंदी, स्वतंत्र देव सिंह, जयवीर सिंह, लक्ष्मी नारायण चौधरी, बेबी रानी मौर्य, ओम प्रकाश राजभर, संजय निषाद, सुरेश कुमार खन्ना, दयाशंकर सिंह और बलदेव सिंह औलख शामिल हैं।
UP Politics: राज्यपाल से लेकर केंद्रीय मंत्री तक नाम
सूची में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक का नाम भी शामिल है। पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और अपर्णा बिष्ट यादव को भी सुरक्षा जैकेट दी जानी है। इसके अलावा विनय कटियार, सुधीर अग्रवाल, सतीश चंद्र मिश्रा, संगीत सिंह सोम, डॉ. महेंद्र सिंह, प्रमोद तिवारी, विशाल सिंह चंचल, अदिति सिंह और डॉ. राजेश्वर सिंह जैसे नाम भी सूची में हैं।
सतुआ बाबा, फतेह बहादुर से बृजलाल तक नाम
सुरक्षा सूची में धार्मिक, राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई प्रभावशाली नाम भी शामिल हैं। इनमें संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा, फतेह बहादुर सिंह, बृजलाल, स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती महाराज, स्वामी सच्चिदानंद हरिसाक्षी, फागू चौहान, आशीष कुमार सिंह और सैयद आसिफ इब्राहिम जैसे नाम शामिल हैं। इन सभी को सुरक्षा जरूरतों के आकलन के आधार पर बुलेटप्रूफ जैकेट आवंटित की गई हैं।

UP Politics: बृजभूषण और पूर्व DGP प्रशांत कुमार भी सूची में
अंतिम सूची में पूर्व सांसद और बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह, नरेश अग्रवाल, डॉ. महेंद्र नाथ पांडे, ठाकुर जयवीर सिंह, आकाश कुमार सक्सेना, विधायक पंकज सिंह और कलराज मिश्र जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा बृजलाल, राजवीर सिंह, दिनेश कुमार सिंह, पूजा पाल, फतेह बहादुर सिंह और सांसद रवि किशन का नाम भी सूची में बताया गया है। पूर्व DGP प्रशांत कुमार और जस्टिस दिलीप बाबासाहेब भोसले भी इस सूची का हिस्सा हैं।
दो चरणों में दी गईं आधुनिक जैकेट
सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, नेताओं को दी जा रही बुलेटप्रूफ जैकेट आधुनिक तकनीक और सुरक्षा मानकों वाली हैं। इनका वितरण दो चरणों में किया गया। पहले चरण में सबसे अधिक खतरे वाले आठ वरिष्ठ नेताओं को जैकेट उपलब्ध कराई गईं, जबकि दूसरे चरण में 44 अन्य नेताओं को सुरक्षा उपकरण दिए गए। 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए राज्य में रैलियों, जनसभाओं और राजनीतिक कार्यक्रमों की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां प्रमुख नेताओं की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।
ये भी पढ़ें…आरक्षण हटाओ आंदोलन ने बढ़ाई सियासी पार्टियों की चुनौतियां, कहीं टकराव के मोर्चे न खुल जाएं?








