Up Vacancy: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी भर्ती प्रक्रिया का ऐलान किया है। आयोग ने सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा मुख्य परीक्षा 2026 के तहत विभिन्न विभागों में कुल 2,285 रिक्त पदों पर आवेदन मांगे हैं। इसके लिए 29 मई से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकेंगे। भर्ती प्रक्रिया के जरिए प्रदेश के कई विभागों में योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति की जाएगी।
कई विभागों में निकलीं हजारों रिक्तियां
आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार सहायक कोषागार लेखाकार के 548, लेखा परीक्षक के 419, अमीन और नीलामकर्ता के 323 तथा अधिशासी अधिकारी के 238 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा लिपिक सह टंकक, सहायक चकबंदी अधिकारी, सहायक प्रबंधक, केंद्र प्रभारी, जिला सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी और मंडी पर्यवेक्षक श्रेणी-2 सहित कई पद शामिल हैं। इन सभी पदों को मिलाकर कुल 2,285 रिक्तियां जारी की गई हैं।
Up Vacancy: आवेदन की तारीख और जरूरी योग्यता
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 29 मई से शुरू होकर 18 जून तक चलेगी। वहीं आवेदन पत्र में संशोधन की अंतिम तिथि 25 जून निर्धारित की गई है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थी को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा 2025 में शामिल होना और उसका स्कोरकार्ड प्राप्त होना जरूरी है।
आयु सीमा और आवेदन शुल्क
भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। आवेदन शुल्क सभी वर्गों के लिए 25 रुपए निर्धारित किया गया है, जिसका भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
Up Vacancy: चयन प्रक्रिया और वेतनमान
उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक अर्हता परीक्षा के सामान्यीकृत अंक के आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए किया जाएगा। इसके बाद मुख्य लिखित परीक्षा के जरिए अंतिम चयन होगा। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 25,500 रुपए से लेकर 1,12,400 रुपए तक मासिक वेतन मिलेगा। इसके अलावा अन्य सरकारी भत्तों और सुविधाओं का लाभ भी दिया जाएगा।








