Congress SP Seat Sharing 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान तेज हो गई है। कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को 180 सीटों की सूची सौंपी है, जिन पर वह चुनाव लड़ना चाहती है। हालांकि, सपा कांग्रेस की इतनी बड़ी मांग से सहमत नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश यादव की पार्टी कांग्रेस को उसकी मांग से आधी से भी कम सीटें देने की तैयारी में है। इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच 17 नवंबर को पहली औपचारिक बैठक होने जा रही है।
1Congress SP Seat Sharing 2027: 7 नवंबर को होगी दोनों दलों की अहम बैठक
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर 17 नवंबर को बैठक प्रस्तावित है। यह बैठक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हो सकती है। इसमें कांग्रेस की ओर से राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा और इमरान मसूद शामिल हो सकते हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी की तरफ से राजीव राय और रामगोपाल यादव के बैठक में शामिल होने की संभावना है। इस बैठक में कांग्रेस अपनी सीटों की दावेदारी का आधार पेश करेगी। वहीं, समाजवादी पार्टी बताएगी कि वह कांग्रेस को कम सीटें क्यों देना चाहती है। दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या के साथ-साथ उन सीटों को लेकर भी चर्चा होगी, जहां दोनों पार्टियां अपना मजबूत दावा पेश कर रही हैं।
Congress SP Seat Sharing 2027: कांग्रेस 180 सीटों पर ठोक रही दावा, सपा 60 सीटें देने के मूड में
कांग्रेस का मानना है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उसका स्ट्राइक रेट अच्छा रहा था। ऐसे में पार्टी चाहती है कि सीटों का बंटवारा इसी प्रदर्शन को ध्यान में रखकर किया जाए। दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी कांग्रेस को 2017 के विधानसभा चुनाव की याद दिला रही है। उस चुनाव में कांग्रेस ने 100 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उसे केवल 6 सीटों पर जीत मिली थी। सपा सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस को करीब 60 सीटों का ऑफर दिया जा सकता है। यानी कांग्रेस की 180 सीटों की मांग और सपा के संभावित ऑफर के बीच काफी बड़ा अंतर है। ऐसे में दोनों दलों के बीच सहमति बनाना आसान नहीं होगा।
रायबरेली और सुल्तानपुर की सीटों पर भी फंस सकता है पेच
सीटों की संख्या के अलावा दोनों पार्टियों के बीच जिताऊ सीटों को लेकर भी विवाद हो सकता है। रायबरेली और सुल्तानपुर जैसे जिलों में दोनों दल अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर सकते हैं। कांग्रेस इन इलाकों को अपना पारंपरिक गढ़ मानती है, जबकि समाजवादी पार्टी भी यहां कई चुनावों में जीत दर्ज कर चुकी है। ऐसे में 17 नवंबर की बैठक में इन सीटों को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। अब देखना होगा कि अखिलेश यादव कांग्रेस की मांग पर कितना नरम रुख अपनाते हैं और दोनों दल गठबंधन को लेकर किस नतीजे पर पहुंचते हैं।
अखिलेश यादव ने खुद किया था 181 सीटों की मांग का खुलासा
दरअसल, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट 2026 में कांग्रेस की सीटों की मांग को लेकर खुलासा किया था। उनसे पूछा गया था कि क्या कांग्रेस यूपी विधानसभा चुनाव में 100 सीटें मांग रही है? इस पर अखिलेश यादव ने दिलचस्प अंदाज में जवाब देते हुए कहा था कि कांग्रेस ने 100 से ज्यादा सीटें मांगी हैं। उन्होंने कहा था, ‘कांग्रेस पार्टी के साथ हमारे रिश्ते बहुत अच्छे हैं। और जितनी सीटों की बात आप कह रहे हैं, उससे ज्यादा सीटें उन्होंने मांगी हैं।’ इसके बाद अखिलेश यादव ने बताया था कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। अब कांग्रेस की सूची और सपा के संभावित ऑफर के बीच तालमेल बैठाना दोनों दलों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
यह भी पढ़े- ईरान के पास अब भी कितनी मिसाइलें बची हैं? अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने लगाया बड़ा अनुमान








