Sonam Wangchuk: लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को 60 दिनों के लिए हाउस अरेस्ट कर दिया गया है। लेह के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (ADM) ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसके तहत वांगचुक के आने-जाने और रैलियों या जुलूसों में शामिल होने पर पाबंदी लगाई गई है। प्रशासन ने यह कदम पुलिस की रिपोर्ट और लेह पुलिस प्रमुख के पत्र के आधार पर उठाया है। आइए जानते हैं कि आखिर सोनम वांगचुक को नजरबंद क्यों किया गया और इसके पीछे पूरा मामला क्या है।
Sonam Wangchuk: BNSS की धारा 163 के तहत जारी हुआ आदेश
प्रशासन ने सोनम वांगचुक के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई करते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 का इस्तेमाल किया है। इसके तहत मजिस्ट्रेट ने उनकी आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया है। यह आदेश 60 दिनों तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन ने पुलिस रिपोर्ट और लेह पुलिस प्रमुख के पत्र का हवाला देते हुए यह फैसला लिया है। इसमें वांगचुक के खिलाफ एहतियाती आदेश जारी करने और उनकी गतिविधियों पर पाबंदी लगाने का अनुरोध किया गया था।
Sonam Wangchuk: 4 दिसंबर को होने वाले हिल काउंसिल चुनाव का विरोध
दरअसल, लद्दाख में 4 दिसंबर को ऑटोनोमस हिल डेवलपमेंट काउंसिल के चुनाव होने हैं। सोनम वांगचुक और दूसरे स्थानीय नेता इन चुनावों के समय का विरोध कर रहे हैं। वांगचुक और स्थानीय नेताओं का कहना है कि सर्दियों के मौसम और लोगों के मौसमी पलायन की वजह से लद्दाख के कई मतदाता मतदान नहीं कर पाएंगे। इसी मुद्दे को लेकर सोनम वांगचुक लगातार आवाज उठा रहे थे। उन्होंने इस संबंध में धरना देने का भी ऐलान किया था।
2019 में केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद बड़े चुनाव
साल 2019 में जम्मू-कश्मीर से अलग होकर लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश बना था। इसके बाद अब वहां हिल काउंसिल के चुनाव होने जा रहे हैं। कुल आठ हिल काउंसिल के लिए चुनाव प्रस्तावित हैं, जिनमें 100 सीटें हैं। इनमें से 36 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। लेह और कारगिल में लंबे समय से स्थानीय राजनीतिक और नागरिक समूह राज्य का दर्जा देने और संविधान की छठी अनुसूची के तहत संवैधानिक सुरक्षा देने की मांग कर रहे हैं। लद्दाख के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा के अनुसार, पहले लेह और कारगिल में 26-26 सीटें थीं, जिन्हें बढ़ाकर 50-50 कर दिया गया है। इस तरह आठ जिलों के गठन के बाद कुल सीटों की संख्या 100 हो गई है।
सोनम वांगचुक ने हाउस अरेस्ट को लेकर क्या कहा था?
सोनम वांगचुक ने 12 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो पोस्ट कर अपने हाउस अरेस्ट किए जाने का दावा किया था। उन्होंने कहा था कि उनके घर के बाहर 20 से 25 सुरक्षाकर्मी बंदूक लेकर पहरा दे रहे हैं। वांगचुक लगातार हिल काउंसिल चुनावों की तारीख और स्थानीय लोगों की मतदान में भागीदारी को लेकर सवाल उठा रहे थे। अब प्रशासन के 60 दिनों के हाउस अरेस्ट के आदेश के बाद लद्दाख में यह मामला चर्चा में है।








