Ramayana Controversy: नितेश तिवारी की 4000 करोड़ रुपये के बजट वाली फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों लगातार चर्चा में है। फिल्म को लेकर दर्शकों की राय बंटी हुई है। सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसके विजुअल्स और वीएफएक्स की तारीफ कर रहे हैं, तो वहीं कुछ लोग इसकी कहानी और किरदारों को लेकर सवाल उठा रहे हैं। इस बीच रामानंद सागर की ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी और महाभारत में भीष्म पितामह बने मुकेश खन्ना सहित कई कलाकारों ने फिल्म की आलोचना की है। अब मशहूर कॉमेडियन और लेखक वरुण ग्रोवर ने इन कलाकारों पर तंज कसा है।
Ramayana Controversy: वरुण ग्रोवर ने सोशल मीडिया पर क्या लिखा?
वरुण ग्रोवर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए पुरानी रामायण के कलाकारों की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, ‘रामानंद सागर की पुरानी रामायण के कलाकार नई फिल्म पर इस तरह कमेंट कर रहे हैं, जैसे वे खुद भगवान के अवतार हों।’ उनका यह पोस्ट नई फिल्म ‘रामायण’ को लेकर पुराने टीवी सीरियल के कलाकारों की आलोचनाओं के बीच सामने आया है। वरुण ग्रोवर की इस टिप्पणी के बाद फिल्म और पुराने कलाकारों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
Ramayana Controversy: सुनील लहरी ने नई रामायण में बताई ये कमियां
रामानंद सागर की रामायण में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी ने भी नई फिल्म देखने के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने फिल्म के विजुअल्स और वीएफएक्स की तारीफ की और कलाकारों की मेहनत को भी सराहा। हालांकि, उन्होंने फिल्म में कुछ कमियां भी गिनाईं। सुनील लहरी के मुताबिक, फिल्म में परशुराम वाला सीन, अहिल्या का प्रसंग और कुछ जरूरी संवाद या तो गायब हैं या प्रभावशाली तरीके से नहीं दिखाए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म में भक्ति और दिव्यता की भावना कम नजर आती है, जबकि शक्ति प्रदर्शन पर ज्यादा जोर दिया गया है। उनके अनुसार, रावण के किरदार को भी जरूरत से ज्यादा महिमामंडित किया गया है।
रामानंद सागर के पोते ने भी रणबीर कपूर की कास्टिंग पर उठाए थे सवाल
नई रामायण को लेकर इससे पहले रामानंद सागर के पोते शिव सागर ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने फिल्म में रणबीर कपूर को भगवान राम के किरदार में कास्ट किए जाने पर सवाल उठाए थे। हालांकि, उन्होंने यश और साई पल्लवी की कास्टिंग की तारीफ की थी। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, अरुण गोविल, जिन्हें दर्शक आज भी रामानंद सागर की रामायण के राम के रूप में याद करते हैं, नई फिल्म में राजा दशरथ का किरदार निभा रहे हैं।
आज भी दर्शकों के दिलों में बसी है रामानंद सागर की रामायण
रामानंद सागर की रामायण 1980 के दशक में टेलीविजन पर प्रसारित हुई थी। उस दौर में टेलीविजन की पहुंच सीमित होने के बावजूद इस धारावाहिक ने दर्शकों के बीच खास जगह बनाई थी। अरुण गोविल को भगवान राम और सुनील लहरी को लक्ष्मण के किरदार में आज भी याद किया जाता है। यही वजह है कि नई रामायण की रिलीज के बाद पुराने धारावाहिक से इसकी तुलना लगातार हो रही है। अब वरुण ग्रोवर की टिप्पणी ने इस बहस को एक नया मोड़ दे दिया है।
यह भी पढ़े- सोनम वांगचुक को 60 दिनों के लिए किया गया हाउस अरेस्ट, जानिए क्या है पूरा मामला








