Maharashtra Farmers: केंद्र सरकार ने किसानों को राहत देते हुए महाराष्ट्र में 3.37 लाख मीट्रिक टन तूर (अरहर) की खरीद को मंजूरी दे दी है। यह खरीद मूल्य समर्थन योजना (PSS) के तहत की जाएगी। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने रविवार को इसकी जानकारी दी।मंत्रालय के अनुसार, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में हुई उच्चस्तरीय बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृति दी। इस खरीद पर लगभग 2696 करोड़ रुपये की MSP राशि खर्च होने का अनुमान है।
MSP से नीचे आने पर होती है PSS के तहत खरीद
सरकार द्वारा मूल्य समर्थन योजना के तहत तब खरीद की जाती है, जब किसी फसल की बाजार कीमत न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से नीचे चली जाती है। अरहर की कीमतों में गिरावट को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित दाम मिल सके।
Maharashtra Farmers: खरीद व्यवस्था पर हुई अहम चर्चा
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाराष्ट्र के विपणन मंत्री जयकुमार रावल के साथ खरीद व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने नेफेड (NAFED), एनसीसीएफ (NCCF) और राज्य के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।चौहान ने कहा कि इस निर्णय से केंद्र सरकार पर बड़ा वित्तीय भार आएगा, लेकिन इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार किसानों के हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Maharashtra Farmers: किसानों से होगी सीधी खरीद
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि खरीद प्रक्रिया सीधे किसानों से की जानी चाहिए, ताकि बिचौलियों की भूमिका कम हो और लाभ वास्तविक किसानों तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आधुनिक तकनीक का उपयोग कर किसानों के पंजीकरण और खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए।
जरूरत पड़ने पर बढ़ेंगे खरीद केंद्र
चौहान ने यह भी कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो खरीद केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने नेफेड और एनसीसीएफ को राज्य सरकार के साथ बेहतर समन्वय में काम करने के निर्देश दिए।इस बैठक में केंद्रीय कृषि सचिव देवेश चतुर्वेदी समेत केंद्र और राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सरकार के इस फैसले से महाराष्ट्र के अरहर किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढे़ : साल 2026 के पद्म अवॉर्ड्स का आज ऐलान, 45 हस्तियों को मिलेगा पद्मश्री सम्मान







