Union Budget: केंद्रीय बजट 2026-27 ने उत्तर प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की नई राह खोल दी है। बजट में सेल्फ हेल्प एंटरप्रेन्योर मार्ट (शी-मार्ट) स्थापित करने के प्रस्ताव को महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। यह पहल महिलाओं को ऋण आधारित आजीविका से आगे बढ़ाकर उद्यमी बनाने पर केंद्रित है।
‘शी-मार्ट’ से मिलेगा संगठित बाजार
‘शी-मार्ट’ सामुदायिक स्वामित्व वाले रिटेल आउटलेट होंगे, जिन्हें क्लस्टर स्तर पर विकसित किया जाएगा। इसके माध्यम से महिला उद्यमियों को अपने उत्पाद बेचने के लिए एक भरोसेमंद, संगठित और स्थायी मंच मिलेगा। केंद्र सरकार राज्य सरकारों के साथ मिलकर उन्नत और नवाचारी वित्तपोषण के जरिए इस योजना को लागू करेगी।
Union Budget: लखपति दीदी से महिला उद्यमी तक
बजट में ‘लखपति दीदी’ योजना की सफलता को आगे बढ़ाते हुए महिलाओं को उद्यमों की मालकिन बनाने का स्पष्ट रोडमैप पेश किया गया है। महिला नेतृत्व वाले ग्रामीण उद्यमों को बाजार, पूंजी और नेटवर्क का सहयोग मिलेगा, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।
योगी सरकार के विजन को मिलेगी मजबूती
यह बजट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस विजन को सशक्त करता है, जिसके तहत प्रदेश में तीन करोड़ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की मुहिम चल रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से प्रशिक्षण, पूंजी और मार्केट सपोर्ट देकर महिलाओं को रोजगार देने वाली उद्यमी बनाने का लक्ष्य तय किया गया है।







