Manipur news: मणिपुर में एक बार फिर सरकार गठन की संभावनाएं तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में मणिपुर के एनडीए नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को दिल्ली पहुंच रहा है। यहां पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ अहम बैठक होगी, जिसमें राज्य में एनडीए सरकार बनाने के फॉर्मूले पर चर्चा की जाएगी।
2–3 दिन में बन सकती है नई सरकार
सूत्रों के मुताबिक, अगर दिल्ली में सहमति बन जाती है तो अगले दो से तीन दिनों के भीतर मणिपुर में नई सरकार का गठन हो सकता है। माना जा रहा है कि इस बार मैतेई समुदाय से मुख्यमंत्री और कुकी या नागा समुदाय से उपमुख्यमंत्री बनाए जाने का फॉर्मूला अपनाया जा सकता है। गौरतलब है कि मणिपुर में राष्ट्रपति शासन को लगभग एक साल पूरा होने वाला है, ऐसे में सरकार गठन को लेकर कोशिशें अब अंतिम चरण में हैं।
Manipur news: 20 से ज्यादा बीजेपी विधायक दिल्ली रवाना
मणिपुर के 20 से अधिक भाजपा विधायक पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के साथ बैठक में शामिल होने के लिए रविवार को नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इन विधायकों के साथ भाजपा की मणिपुर प्रदेश अध्यक्ष भी मौजूद थीं। भाजपा मणिपुर इकाई की अध्यक्ष अधिकारीमयूम शारदा देवी ने इंफाल एयरपोर्ट पर कहा, “एनडीए के सभी विधायकों को बुलाया गया है। हमें उम्मीद है कि जल्द ही जनता की सरकार बनेगी।”
Manipur news: एन बीरेन सिंह ने क्या कहा?
पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने भी बैठक को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा, “एनडीए के सभी सहयोगी दलों के विधायकों को बैठक के लिए बुलाया गया है, इसलिए सकारात्मक नतीजे की उम्मीद है। इससे पहले भाजपा विधायकों की बैठक हो चुकी है। राष्ट्रपति शासन की अवधि 12 फरवरी को समाप्त हो रही है, ऐसे में कोई ठोस पहल होने की उम्मीद है।”
मणिपुर हिंसा में 260 से ज्यादा लोगों की मौत
Manipur news: गौरतलब है कि मई 2023 से मणिपुर में मैतेई और कुकी-जो समुदायों के बीच भड़की जातीय हिंसा में अब तक 260 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जबकि हजारों लोग बेघर हो चुके हैं। पिछले साल 13 फरवरी को एन बीरेन सिंह के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू किया गया था।
ये भी पढ़ें: बैतूल के दामजीपुरा में गाय से दुष्कर्म के बाद हिंसा, एक दर्जन दुकानें फूंकी गईं, भारी पुलिस बल तैनात







