UP News: अमरोहा जिले के देहात थाना क्षेत्र के पचोकरा गांव में आज बुधवार दोपहर एक महिला की दिनदहाड़े चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। जबकि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके की गंभीरता को देखते हुए पांच थानों की पुलिस फोर्स घटनास्थल पर तैनात कर दी गई है। खुद पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे है और स्थिति का जायजा ले रहे है।
घटना की जानकारी
जानकारी के अनुसार, महिला किसी दावत से लौटकर अपने घर जा रही थी। इसी दौरान घर के पास ही दूसरी बिरादरी के एक युवक ने उसे रोक लिया। बातचीत के दौरान युवक ने अचानक चाकू निकालकर महिला पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े, लेकिन तब तक आरोपी युवक मौके से फरार हो चुका था। घटना की खबर फैलते ही गांव में भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित ग्रामीण आरोपी के घर की ओर बढ़ने लगे, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।

UP News: पुलिस की कार्रवाई
स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त फोर्स बुलाई। लेकिन तनावपूर्ण स्थिति के चलते फिलहाल मृतका का शव घटनास्थल से नहीं उठाया जा सका क्योंकि पुलिस ग्रामीणों को शांत कर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है। वहीं पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज करते हुए विभिन्न स्थानों पर दबिश देना शुरु कर दिया है। स्थानीय लोग भय और चिंता में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की हिंसक घटना ने गांव में डर का माहौल बना दिया है। पुलिस ने गांव में गश्त बढ़ा दी है और एहतियातन अतिरिक्त बल तैनात कर दिया हैं। अधिकारी लगातार ग्रामीणों को शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं और सुनिश्चित कर रहे हैं कि आरोपी जल्द गिरफ्तार होगा। मामले में पुलिस का कहना है कि कानून के अनुसार, आरोपी को न्याय के कठघरे में लाया जाएगा और किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
रिपोर्ट- मौ. अज़ीम
ये भी पढ़े… महाशिवरात्रि कांवड़ यात्रा को लेकर अमरोहा में पुलिस प्रशासन ने उठाया ये बड़ा कदम…







