Bhopal Factory Fire: भोपाल में इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) के सामने स्थित मेहता इंडस्ट्री में शुक्रवार दोपहर आग लग गई। फैब्रिकेशन का काम करने वाली इस फैक्ट्री के पिछले हिस्से में बने गोदाम में आग भड़की, जहां बड़ी मात्रा में लकड़ी का सामान और प्लाईवुड रखा हुआ था।
धुएं से मचा हड़कंप, इस वजह से लगी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब पौने चार बजे फैक्ट्री परिसर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने गोदाम में रखे ज्वलनशील सामान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लपटें तेज हो गईं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
Bhopal Factory Fire: बस्ती के लोग सतर्क, दमकल की कड़ी मशक्कत
मौके पर पुलिस की डायल 112 की दो गाड़ियां और नगर निगम की पांच दमकल पहुंची हैं। आग बुझाने का प्रयास जारी है। फैक्ट्री के पिछले हिस्से में टिन की दीवार को रस्सी से बांधकर खींचा गया, ताकि अंदर तक पहुंच बनाई जा सके। इसके बाद दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश की।
Bhopal Factory Fire: आग बुझाने में आई बाधा
फैक्ट्री से सटी लाल बहादुर अहीर झुग्गी बस्ती के लोगों ने एहतियातन घर का सामान बाहर निकाल लिया। फैक्ट्री परिसर में खड़ी एक पिकअप वाहन की चाबी आग में जल गई, जिससे दमकल को भीतर ले जाने में बाधा आई। वाहन का शीशा तोड़कर उसे हटाया गया, तब फायर ब्रिगेड की गाड़ियां अंदर पहुंच सकीं। फैक्ट्री मालिक अरुण जैन भी मौके पर पहुंच गए हैं और कर्मचारियों से घटना की जानकारी ले रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी हैं।
यह भी पढे़ : वर्ल्ड कप में पाक खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाएगी टीम इंडिया, कोलंबो में 50% बारिश की आशंका






