Vijaypur seat news: मध्य प्रदेश की विजयपुर विधानसभा सीट को लेकर ग्वालियर हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा का चुनाव रद्द करते हुए भाजपा नेता और पूर्व मंत्री रामनिवास रावत को विजयी घोषित कर दिया है। यह फैसला ग्वालियर बेंच के जस्टिस जी.एस. अहलूवालिया ने रावत की ओर से दायर चुनाव याचिका पर सुनाया।
क्रिमिनल केस की जानकारी छिपाने का आरोप
रामनिवास रावत ने अपनी याचिका में आरोप लगाया था कि मुकेश मल्होत्रा ने 2024 के उपचुनाव में नामांकन दाखिल करते समय अपने खिलाफ दर्ज सभी आपराधिक मामलों की जानकारी नहीं दी थी। मल्होत्रा ने अपने हलफनामे में चार मामलों का जिक्र किया था, जबकि दो मामलों की जानकारी छिपाई गई थी।
रावत ने अदालत में मल्होत्रा के खिलाफ दर्ज सभी छह आपराधिक मामलों का उल्लेख किया था। सुनवाई के बाद अदालत ने माना कि नामांकन में पूरी जानकारी देना उम्मीदवार की जिम्मेदारी है। जानकारी छिपाने के कारण अदालत ने मल्होत्रा का चुनाव अमान्य कर दिया और उपचुनाव में दूसरे स्थान पर रहे रामनिवास रावत को विधायक घोषित कर दिया।
Vijaypur seat news: सुप्रीम कोर्ट जाएंगे मल्होत्रा
फैसले के बाद मुकेश मल्होत्रा के वकील प्रतीप बिसोरिया ने कहा कि वे इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देंगे। उन्होंने बताया कि कोर्ट ने दो मामलों में जानकारी छिपाने के आधार पर चुनाव रद्द किया है। इस फैसले पर अपील करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है और इसी अवधि में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की जाएगी।
Vijaypur seat news: रावत बोले- नामांकन में सही जानकारी देना जरूरी
रामनिवास रावत ने फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि चुनाव सुधारों के अनुसार उम्मीदवार को अपने खिलाफ दर्ज मामलों की पूरी जानकारी देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मल्होत्रा ने दो मामलों की जानकारी छिपाई थी, इसलिए उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया था।
समर्थकों ने मनाया जश्न
हाईकोर्ट के फैसले के बाद विजयपुर में रामनिवास रावत के समर्थकों ने पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। वहीं मुकेश मल्होत्रा के घर के बाहर सन्नाटा पसरा रहा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी अदालत के फैसले का स्वागत किया।
कांग्रेस बोली- सुप्रीम कोर्ट से मिलेगा न्याय
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि विजयपुर की जनता ने एक साल पहले कांग्रेस को जनादेश दिया था। उन्होंने कहा कि पार्टी सुप्रीम कोर्ट में अपील करेगी और न्याय मिलने की उम्मीद है।
हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए थे मल्होत्रा
मुकेश मल्होत्रा ने 2 मई 2024 को कांग्रेस की सदस्यता ली थी। उन्होंने मुरैना में आयोजित प्रियंका गांधी की सभा में पार्टी जॉइन की थी। इससे पहले वे भाजपा में रहे थे और सहारिया प्राधिकरण के अध्यक्ष के रूप में राज्य मंत्री का दर्जा भी पा चुके थे। विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में सहारिया आदिवासी समाज के करीब 70 हजार वोट हैं, जिन्हें ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने उपचुनाव में मल्होत्रा को उम्मीदवार बनाया था।
यह भी पढे़ : टीम इंडिया की जीत पर कुछ इस तरह से धोनी, सचिन, विराट ने बांधे तारीफों के पुल







