Home » राष्ट्रीय » नोएडा के कोचिंग सेंटर में भीषण आग, बड़ा हादसा टला

नोएडा के कोचिंग सेंटर में भीषण आग, बड़ा हादसा टला

Noida Coaching

Noida Coaching: उत्तर प्रदेश के नोएडा में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसी क्रम में सेक्टर चार स्थित एक निजी कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना थाना फेस एक क्षेत्र के अंतर्गत विद्यामंदिर क्लास कोचिंग सेंटर की है, जहां अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

फर्स्ट फ्लोर से उठीं आग की लपटें

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह आग चार मंजिला व्यावसायिक इमारत के प्रथम तल पर लगी, जहां कोचिंग सेंटर संचालित होता है। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे तल को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के बाद इमारत में मौजूद अन्य कार्यालयों में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग भी दहशत में आ गए घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर नियंत्रण पाया। आग की लपटें काफी तेज थीं, जिससे इलाके में घना धुआं फैल गया। हालांकि, समय रहते कार्रवाई होने से आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।

Noida Coaching: जनहानि नहीं, बड़ा हादसा टला

राहत की बात यह रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय कोचिंग सेंटर और अन्य कार्यालय बंद थे। इसके कारण वहां कोई छात्र या कर्मचारी मौजूद नहीं था। इस वजह से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, आग से संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचने की आशंका है।

फायर सेफ्टी पर उठे सवाल

फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं। खासकर व्यावसायिक इमारतों में फायर सेफ्टी मानकों के पालन को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की बात कही है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments