Bengal Election Results: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी ने भवानीपुर और नंदीग्राम विधानसभा सीटों पर जीत का प्रमाण पत्र मिलने के बाद बड़ा बयान दिया। उन्होंने समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा कि नंदीग्राम में उनकी जीत में हिंदू मतदाताओं की अहम भूमिका रही, जबकि मुस्लिम वोट पूरी तरह तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में गया। उन्होंने बताया कि इस बार उन्होंने करीब 10 हजार वोटों से जीत दर्ज की है। उनके अनुसार, नंदीग्राम के हिंदुओं ने उन्हें फिर से जिताया है और अब वे उनके लिए काम करेंगे। इस सीट पर उन्होंने पबित्र कर को 9,665 वोटों से हराया।
तृणमूल कांग्रेस पर साधा निशाना
सुवेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि यह पार्टी ज्यादा समय तक टिकने वाली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह एक भ्रष्ट और परिवारवाद पर चलने वाली पार्टी है, जिसकी कोई स्पष्ट विचारधारा नहीं है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव से पहले किए गए सभी वादों को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि अमित शाह द्वारा घोषणापत्र में किए गए वादे और नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरी तरह लागू किया जाएगा।

Bengal Election Results: ममता बनर्जी को उनके गढ़ में हार
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला। राज्य की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को उनके मजबूत माने जाने वाले भवानीपुर सीट पर हार का सामना करना पड़ा। उन्हें सुवेंदु अधिकारी ने 15,105 वोटों से हराया। चुनाव नतीजों के मुताबिक, सुवेंदु अधिकारी को 73,917 वोट मिले, जबकि ममता बनर्जी को 58,812 वोट मिले। वहीं, CPI(M) के उम्मीदवार श्रीजीव विश्वास इस मुकाबले में काफी पीछे रह गए। ममता बनर्जी की अपने ही गढ़ में हार को राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
किस पार्टी को कितनी सीटें मिलीं?
चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 294 सीटों वाली विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी ने 206 सीटों पर जीत हासिल की है। तृणमूल कांग्रेस को 81 सीटें मिली हैं और वह एक सीट पर आगे चल रही है। कांग्रेस ने 2 सीटें जीती हैं। वहीं, AJUP ने 2 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि CPI(M) को सिर्फ 1 सीट से संतोष करना पड़ा है।
ये भी पढ़ें…केरल में UDF की ऐतिहासिक वापसी, कांग्रेस बनी सबसे बड़ी पार्टी; LDF का किला ढहा








