Assam Election: असम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली हार के बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने चुनावी नतीजों को निराशाजनक बताते हुए हार की पूरी जिम्मेदारी अपने ऊपर ली। साथ ही कहा कि पार्टी अब अंदरूनी समीक्षा कर आगे की रणनीति तैयार करेगी। गोगोई ने यह भी स्पष्ट किया कि संगठन में बदलाव और पुनर्गठन को लेकर अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान ही करेगा।
हार के बाद कांग्रेस में मंथन शुरू
मीडिया से बातचीत करते हुए गौरव गोगोई ने कहा कि विधानसभा चुनाव के परिणाम उम्मीद के अनुरूप नहीं रहे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कांग्रेस नेतृत्व को पूरी जानकारी दे दी गई है। पार्टी अब पूर्व विधायकों, चुनाव लड़ चुके उम्मीदवारों और नवनिर्वाचित नेताओं से लगातार बातचीत कर रही है, ताकि यह समझा जा सके कि जनता के बीच क्या संदेश गया और किन कारणों से पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जमीनी स्तर पर फीडबैक जुटा रही है और भविष्य की रणनीति इसी समीक्षा के आधार पर तैयार की जाएगी। गोगोई ने माना कि संगठन को और मजबूत करने की जरूरत है।
Assam Election: AIUDF और AIMIM पर साधा निशाना
गौरव गोगोई ने एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल के बयान पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि असम में सांप्रदायिक राजनीति को कमजोर करने का काम कांग्रेस ने किया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले लोकसभा चुनाव में अजमल को अपने ही क्षेत्र में हार का सामना करना पड़ा था और इस विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने एआईयूडीएफ को कड़ा जवाब दिया। गोगोई ने आरोप लगाया कि एआईयूडीएफ और एआईएमआईएम ने अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा को फायदा पहुंचाने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसने असम में सांप्रदायिक राजनीति का मुकाबला किया है।
मुख्यमंत्री हिमंता सरमा पर हमला
कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार के पास विकास का कोई स्पष्ट एजेंडा नहीं है। उन्होंने कहा कि नई सरकार को जनता की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन भाजपा केवल राजनीतिक बयानबाजी में लगी हुई है। गोगोई ने दावा किया कि मुख्यमंत्री के हालिया बयानों से साफ है कि सरकार विकास के मुद्दों से भटक रही है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, शिक्षा और महंगाई जैसे मुद्दों पर सरकार जवाब देने से बच रही है।
Assam Election: सहयोगी दलों के आरोपों पर भी दिया जवाब
चुनाव में हार के बाद कांग्रेस के सहयोगी दलों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर भी गौरव गोगोई ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि गठबंधन में शामिल पांच दलों में से चार के साथ कांग्रेस का बेहतर तालमेल रहा। हालांकि, उन्होंने बिना नाम लिए अखिल गोगोई पर भाजपा के सुर में सुर मिलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा भी अखिल गोगोई के साथ संवाद की बात करते थे। ऐसे में उन्हें खुद बताना चाहिए कि आखिर किन परिस्थितियों में उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ बयान दिए।
ये भी पढ़ें…बंगाल के शपथ ग्रहण समारोह में मिथुन चक्रवर्ती का अंदाज चर्चा में








