Bengal: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कई खास पल देखने को मिले। समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। हालांकि सबसे ज्यादा चर्चा अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती के व्यवहार और उनके संस्कारों की हो रही है।
मंच पर पहुंचते ही छुए नेताओं के पैर
समारोह में मिथुन चक्रवर्ती अलग अंदाज में नजर आए। उन्होंने कुर्ता-पायजामा, गले में शॉल और सिर पर लाल रंग की टोपी पहन रखी थी। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पैर छूने की कोशिश की। हालांकि राजनाथ सिंह ने उन्हें रोकते हुए हाथ मिलाया। इसके बाद मिथुन ने गृह मंत्री अमित शाह को गले लगाया, जिसका वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Bengal: योगी आदित्यनाथ और चंद्रबाबू नायडू से भी मिले
राजनाथ सिंह और अमित शाह से मुलाकात के बाद मिथुन चक्रवर्ती ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से हाथ मिलाया। इसके बाद उन्होंने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के पैर छूने का प्रयास किया, लेकिन नायडू ने उन्हें रोककर मुस्कुराते हुए हाथ मिलाया। आगे बढ़ते हुए मिथुन ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चरण स्पर्श किए और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को गले लगाया।
सोशल मीडिया पर हो रही तारीफ
मिथुन चक्रवर्ती का यह अंदाज अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है। कई लोग इसे उनके संस्कार और बड़ों के प्रति सम्मान का प्रतीक बता रहे हैं। उनके वीडियो पर लगातार प्रतिक्रियाएं आ रही हैं और समर्थक उनकी सादगी की सराहना कर रहे हैं।
Bengal: राजनीति में भी सक्रिय हैं मिथुन चक्रवर्ती
मिथुन चक्रवर्ती ने वर्ष 2014 में राजनीति में कदम रखा था। वह तृणमूल कांग्रेस की ओर से राज्यसभा सदस्य बने थे। बाद में स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने इस्तीफा दे दिया। वर्ष 2021 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। इसके बाद से वह पार्टी के कई बड़े कार्यक्रमों और चुनावी अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाते नजर आते हैं।








