Delhi Terror Alert: नई दिल्ली में संभावित आतंकी हमले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, इंटेलिजेंस एजेंसियों ने राजधानी में आतंकी हमले की आशंका जताई है, जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय और आसपास की सरकारी इमारतों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, एजेंसियों को शक है कि दीन दयाल उपाध्याय (DDU) मार्ग स्थित कार्यालयों को आत्मघाती हमलों, कार ब्लास्ट, गोलीबारी या IED के जरिए निशाना बनाया जा सकता है।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
संभावित खतरे को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके में अतिरिक्त जवान तैनात किए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में बैरिकेडिंग बढ़ा दी गई है और वाहनों की रैंडम चेकिंग की जा रही है। इसके अलावा सीसीटीवी निगरानी तेज कर दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Delhi Terror Alert: हाई अलर्ट पर बम निरोधक दस्ते
सुरक्षा एजेंसियों ने बम निरोधक दस्तों, स्निफर डॉग यूनिट्स और क्विक रिएक्शन टीमों को हाई अलर्ट पर रखा है। वहीं दिल्ली फायर सर्विस को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों को खास तौर पर संवेदनशील इलाकों में लावारिस वस्तुओं और संदिग्ध वाहनों पर नजर रखने के लिए कहा गया है।
Delhi Terror Alert: पहले भी सामने आ चुका है आतंकी मॉड्यूल
दिल्ली में इससे पहले भी आतंकी हमलों की साजिश सामने आ चुकी है। हाल ही में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हरियाणा से एक बड़े टेरर मॉड्यूल का खुलासा किया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आतंकियों की योजना बाबरी मस्जिद ढहाए जाने की बरसी पर दिल्ली समेत कई शहरों में विस्फोट करने की थी। इसके लिए कई कारों में विस्फोटक भरकर धमाके की साजिश रची गई थी। सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल राजधानी में हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं और आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है।
यह भी पढे़ : तमिलनाडु में विजय की सरकार लगभग तय TVK को 121 विधायकों का समर्थन, राज्यपाल से मिलकर पेश किया दावा








